Thursday , April 30 2026 7:25 AM
Home / News / पाकिस्तान ने 400 किमी दूर तक मार करने वाली मिसाइल का किया परीक्षण, दिल्ली से शिमला तक जद में

पाकिस्तान ने 400 किमी दूर तक मार करने वाली मिसाइल का किया परीक्षण, दिल्ली से शिमला तक जद में


पाकिस्तान ने मंगलवार को स्वदेशी रूप से विकसित फतेह II मिसाइल का परीक्षण किया है। यह जानकारी पाकिस्तानी सेना के प्रोपगैंडा विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने दी है। पाकिस्तान का दावा है कि यह परीक्षण सफल रहा। इस परीक्षण को आर्मी रॉकेट फोर्स ने अंजाम दिया है, लेकिन जगह और समय का खुलासा नहीं किया गया है। आईएसपीआर ने इस परीक्षण को उन्नत घरेलू तकनीक के माध्यम से अपनी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के देश के चल रहे प्रयासों में एक और कदम बताया है।
फतेह II के बारे में जानें – फतेह II एक उन्नत गाइडेड मल्टी-लॉन्च रॉकेट सिस्टम है। इसकी मारक क्षमता 400 किलोमीटर तक है। ऐसे में फतेह II की जद में भारत के कई शहर आ गए हैं, जिसमें नई दिल्ली भी शामिल है। फतेह-II सिस्टम आधुनिक एवियोनिक्स और अत्याधुनिक नेविगेशनल उपकरणों से लैस है, जिसे सटीकता और परिचालन प्रभावशीलता दोनों को बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है। अधिकारियों ने पुष्टि की कि यह अभ्यास नियमित प्रशिक्षण का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य परिचालन तत्परता बनाए रखना और साथ ही नए एकीकृत सिस्टम के प्रदर्शन का आकलन करना था।
आईएसपीआर ने क्या बताया – आईएसपीआर ने कहा कि इस प्रशिक्षण लॉन्च का मुख्य फोकस कई उद्देश्यों पर था, जिसमें सैनिकों का प्रशिक्षण, प्रमुख तकनीकी मापदंडों का सत्यापन और विभिन्न उप-प्रणालियों का मूल्यांकन शामिल था। इन प्रणालियों को सटीकता में सुधार करने और परिचालन स्थितियों के तहत बेहतर उत्तरजीविता सुनिश्चित करने के लिए शामिल किया गया है। इन तत्वों का सफल निष्पादन पाकिस्तान के मिसाइल विकास कार्यक्रम में निरंतर प्रगति को दर्शाता है।
फतेह II की रेंज में भारत के कौन से शहर – पाकिस्तान की फतेह II मिसाइल की रेंज में भारत के कई प्रमुख राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात के सीमावर्ती शहर शामिल हैं। इसमें अमृतसर, फिरोजपुर, जम्मू, जैसलमेर और पठानकोट शामिल हैं। ये सभी शहर पाकिस्तानी सीमा से 100 से 120 किमी के अंदर स्थित हैं। वहीं, जोधपुर, बीकानेर, लुधियान, श्रीनगर और चंडीगढ़ भी फतेह II की रेंज में हैं। इनके अलावा, नई दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद और शिमला भी पाकिस्तानी सीमा के 400 किमी के दायरे में स्थित हैं।