Friday , April 24 2026 12:43 AM
Home / News / India / ‘लोकतंत्र के उत्सव में पूरी ताकत से हिस्सा लें’, पश्चिम बंगाल में मतदान के बीच पीएम मोदी की महिलाओं-युवाओं से अपील

‘लोकतंत्र के उत्सव में पूरी ताकत से हिस्सा लें’, पश्चिम बंगाल में मतदान के बीच पीएम मोदी की महिलाओं-युवाओं से अपील


पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के महत्वपूर्ण दो चरणों में से पहले चरण के तहत गुरुवार सुबह 7 बजे से 16 जिलों में फैली 152 विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। इस बीच पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर महिलाओं और युवाओं से मतदान में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की है।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान गुरुवार सुबह से शुरू हो गया है। राज्य की 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं और युवाओं से वोटिंग करने की अपील की है।
गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों का पहला चरण आज हो रहा है। मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरी ताकत के साथ हिस्सा लें। मैं विशेष रूप से अपने युवा साथियों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में मतदान करें।’
इन 16 जिलों में हो रहा मतदान – गुरुवार को पहले चरण में जिन 16 जिलों में मतदान हो रहा है, वे हैं-उत्तर बंगाल में कूच बिहार, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर व मालदा और दक्षिण बंगाल में मुर्शिदाबाद, पूर्व मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान और बीरभूम। इन 16 जिलों में से सात जिलों को मतदान के दिन सुरक्षा कारणों से भारत निर्वाचन आयोग की विशेष निगरानी में रखा गया है।
सुरक्षा के जबरदस्त इंतजाम – पहले चरण में जिन केंद्रों पर मतदान हो है, वहां पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित किया जा सके। इस चरण में मुख्य मुकाबला ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है।