Monday , June 15 2026 6:19 AM
Home / News / फ्रांस के दौरे पर पहुंचे PM मोदी, राष्ट्रपति मैक्रों से रविवार को करेंगे अहम बैठक, टेक और द्विपक्षीय संबंधों पर फोकस

फ्रांस के दौरे पर पहुंचे PM मोदी, राष्ट्रपति मैक्रों से रविवार को करेंगे अहम बैठक, टेक और द्विपक्षीय संबंधों पर फोकस


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की एक सप्ताह की यात्रा के पहले चरण में शनिवार को नीस पहुंचे। यहां वे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत करेंगे। G-7 सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और कई विश्व नेताओं के साथ अहम द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। पीएम मोदी फ्रांस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी मुलाकात करेंगे। नीस पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया है।
पीएम मोदी का फ्रांस दौरा राष्ट्रपति मैक्रों के निमंत्रण पर हो रहा है। इसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी 13-14 जून को नीस में रहेंगे। उसके बाद 14-15 जून को स्लोवाकिया जाएंगे। बाद में 16-18 जून को एवियन और पेरिस में कार्यक्रमों के लिए फ्रांस लौटेंगे।
मैं अभी नीस पहुंचा हूं। नीस के अलावा फ्रांस की इस यात्रा में एवियन और पेरिस में भी कार्यक्रम शामिल है। इसमें द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकें होंगे, जिनका मकसद भारत के प्रमुख विकास साझेदारों के साथ दोस्ती के रिश्तों को मजबूत करना है। मैं कल राष्ट्रपति मैक्रों से मिलने और भारत इनोवेट्स कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं। नरेंद्र मोदी, भारत के प्रधानमंत्री
मैक्रों के साथ द्विपक्षीय मुलाकात – रविवार को पीएम मोदी और मैक्रों नीस में द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे और भारत-फ्रांस संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। इसके पहले फरवरी में मैक्रों ने भारत की यात्रा की थी, जिस दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया था। रविवार को दोनों नेताओं के रणनीतिक, आर्थिक, तकनीकी और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग को लेकर चर्चा की उम्मीद है।
दोनों नेता भारत इनोवेट्स कार्यक्रम का भी उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन भारत, फ्रांस और अन्य देशों के प्रमुख स्टार्ट-अप, निवेशकों और उद्यम पूंजी कोषों को एक साथ लाएगा, जो दोनों देशों के बीच बढ़ती इनोवेशन पार्टनरशिप को दिखाता है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, ‘भारत इनोवेट्स’ इवेंट भारत के इनोवेशन इकोसिस्टम को दिखाएगा और स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स को अपने कटिंग-एज सॉल्यूशन और प्रोडक्ट्स पेश करने के लिए एक प्लेटफॉर्म देगा।
पीएम मोदी का स्लोवाकिया दौरा – इसके बाद पीएम मोदी स्लोवाकिया की दो दिवसीय (14-15 जून) राजकीय यात्रा पर रवाना होंगे। यह वर्ष 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी। पीएम मोदी ने लिखा, “ब्रातिस्लावा में मैं राष्ट्रपति पीटर पेलीग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से वार्ता करूंगा और स्लोवाकिया के उद्योग जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करूंगा। यह यात्रा भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते की दिशा में चल रही प्रगति को और गति देगी।”