
आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। गैर-जमानती अपराधों के तहत पंजाब के दो जिलों में संदीप पाठक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। केस दर्ज होने के बाद पंजाब पुलिस की टीम दिल्ली भी संदीप पाठक के आवास पर पहुंची।
वहीं इस बीच राज्यसभा सांसद संदीप पाठक को दिल्ली स्थित अपने घर से गाड़ी में बैठकर बाहर निकलते हुए देखा गया। पंजाब सरकार के इस कदम के बाद अब इस मामले में सियासत भी तेज हो गई है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है।
क्या कहा सुधांशु त्रिवेदी ने – बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आज राज्यसभा के सांसद संदीप पाठक के आवास पर पंजाब पुलिस ने जाकर रेड करने का प्रयास किया। हम यह सवाल पूछना चाहते हैं पंजाब सरकार से जहां कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी लचर है कि आपकी पुलिस ड्रग वालों को पकड़ नहीं पा रही है, जहां पवित्र हरमंदिर साहिब जी के गेट के ऊपर भी गोली चल जाती है, जहां पुलिस अधिकारियों के कार्यालय पर हमला हो जाता है वहां पर नियंत्रण न करके आज जिस प्रकार से पाठक जी के आवास पर पंजाब पुलिस ने धावा बोला है।
मेरा सवाल केजरीवाल जी से है कि इस तथाकथित नई राजनीति के अलंबरदार यह बताएं कि आपके राज्य में जहां कानून व्यवस्था सर्वाधिक ध्वस्त है और कल ही एक गंभीर आरोप पंजाब विधानसभा में विपक्ष के द्वारा लगाया गया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान जी के ऊपर वो नशे में हैं। तो मैं आम आदमी पार्टी, पंजाब सरकार और विशेषकर केजरीवाल जी को यह स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं। “कागज का है लिबास चिरागों का शहर है, चलना संभल संभल के क्योंकि तुम नशे में”
क्या है मामला – बता दें कि कुछ दिन पहले ही संदीप पाठक ने राघव चड्ढा और अशोक मित्तल के साथ भाजपा ज्वाइन कर ली थी। इसके अलावा, क्रिकेटर हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, स्वाति मालीवाल और विक्रमजीत साहनी भी आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। स्वाति मालीवाल को छोड़कर बाकी छह सांसद राज्यसभा में पंजाब का प्रतिनिधित्व करते हैं, जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होंगे। 7 सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद राज्यसभा में आम आदमी पार्टी की सीटों की संख्या भी 10 से घटकर 3 रह गई।
भगवंत मान ने पार्टी छोड़ने वाले सांसदों को गद्दार कहा था – आम आदमी पार्टी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी छोड़ने वाले सांसदों को ‘गद्दार’ कहा था। उन्होंने कहा कि जिन सांसदों ने जनता के जनादेश का अपमान किया है, वे किसी भी तरह की दया के पात्र नहीं हैं, क्योंकि वे पंजाब और पंजाबियों के गद्दार हैं। इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान 5 मई को राष्ट्रपति से भी मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री मान ने 29 अप्रैल को बताया कि उन्हें राष्ट्रपति भवन से मुलाकात का समय मिल चुका है। वे 5 मई को राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।
Home / News / AAP से बीजेपी में आए सांसद संदीप पाठक के आवास पर पंजाब पुलिस की ‘दस्तक’ के बाद सियासत तेज, क्या बोली-BJP
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website