Sunday , April 26 2026 2:55 AM
Home / News / प्रिंस हैरी और मेगन ने गलत खबरें छापने पर चार बड़े अखबारों को किया ब्लैकलिस्ट

प्रिंस हैरी और मेगन ने गलत खबरें छापने पर चार बड़े अखबारों को किया ब्लैकलिस्ट


ब्रिटेन के शाही परिवार से अलग हो चुके प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन ने रविवार को चार बड़े अखबारों को ब्लैकलिस्ट कर दिया । उन्होंने इन अखबारों पर गलत और आक्रामक खबरें छापने का आरोप लगाया है । उन्होंने एक पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी । ये चार अखबार- द सन, डेली मेल, मिरर और एक्सप्रेस हैं। ब्रिटिश रॉयल फैमिली को छोड़कर हाल ही में अलग हुए दंपती ने इन अखबारों को एक लेटर लिखा है।

फाइनेंशियल टाइम्स के रिपोर्टर मार्क डि स्टेफनो ने ट्विटर पर यह लेटर पोस्ट किया है। इसमें लिखा है, ‘‘यह कदम आलोचनाओं से बचने के लिए नहीं है। यह मीडिया पर सेंसरशिप लगाने के बारे में भी नहीं है।’’ माना जा रहा है कि हैरी और उनकी पत्नी मेगन मीडिया में आईं गलत खबरों को लेकर आहत हैं। दंपति ने अपने लिए नई प्रेस नीति अपनाई है। इसमें इन चार अखबारों को बाहर कर दिया गया है। संपादकों को अपने संदेश में, दंपति ने कहा है कि उनकी नई नीति सभी मीडिया पर लागू नहीं होती है और वे दुनिया भर के पत्रकारों के साथ काम करना जारी रखेंगे।

बता दें कि हैरी और मेगन ने जनवरी में रॉयल ड्यूटी से अलग होने और आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने की घोषणा की थी। उनके अलग होने की प्रक्रिया को ब्रेक्जिट की तर्ज पर मेग्जिट कहा गया था। इस दौरान कई रिपोर्ट सामने आईं थीं कि मेगन शाही जीवन से नाखुश थीं। इसके साथ मीडिया में और भी तमाम तरह की खबरें आईं थीं। जिस पर दंपति पहले भी नाराजगी जता चुका है। वर्तमान में हैरी और मेगन कैलिफोर्निया में बहुत सामान्य जीवन बिता रहे हैं। कैलिफोर्निया में अभी उनके ठिकाने की सही जानकारी नहीं है। माना जा रहा है कि वे तटीय शहर मालिबु में रहते हैं।