
पाकिस्तान के मशहूर न्यूज चैनल PTV की महिला न्यूज एंकर शाहीना शाहीन बलोच की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई है। शाहीना PTV पर सुबह के समय न्यूज एंकरिंग किया करती थी और बलोची मैगजीन दाजगोहर की संपादक भी थीं। शाहीना की पहचान महिलाओं के अधिकार दिलाने और लैंगिक समानता लाने में जुटी महिला के तौर पर थी। वहीं प्राथमिक जांच में पुलिस ने ‘ऑनर किलिंग’ की आशंका जताई है। शाहीना का पति भी फरार बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस जांच में जुट गई है।
स्थानीय खबरों के मुताबिक ये वारदात तुरबत के रिहायशी इलाके में हुई और एक अज्ञात व्यक्ति शाहीना को अस्पताल लेकर गया, हालांकि वो भी शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि शाहीना को कई बार धमकियां मिली थीं कि वो नौकरी छोड़ दें और घर संभालें हालांकि वो किसी भी धमकी से डरी नहीं लेकिन शाहीना को अब अपनी जान से ही हाथ धोना पड़ा। पाकिस्तान में पिछले काफी समय से पत्रकारों खासकर महिला पत्रकारों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। एक अन्य मामले में पत्रकार साजिद गोंदाल नाम की पाकिस्तानी महिला पत्रकार अपने घर से गायब है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website