Tuesday , June 16 2026 5:15 PM
Home / Sports / रोहित शर्मा ने इनके सिर फोड़ा हार की ठीकरा, कहा- कोई बहाना नहीं चलेगा

रोहित शर्मा ने इनके सिर फोड़ा हार की ठीकरा, कहा- कोई बहाना नहीं चलेगा


भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार रात बांग्लादेश से एक विकेट की हार के बाद स्वीकारा कि बैटिंग यूनिट को मुश्किल विकेट पर स्पिनरों से निपटने के लिए सुधार की जरूरत है। रोहित ने मैच के बाद कहा, ‘पिच थोड़ी चुनौतीपूर्ण थी, इसमें गेंद टर्न ले रही थी। आपको समझना होगा कि इसे कैसे खेला जाए। इसमें कोई बहाना नहीं है, हम इस तरह के हालात के आदी हैं।’
बांग्लादेश ने 40वें ओवर में अपना नौंवा विकेट 136 रन पर गंवा दिया था, लेकिन टीम की अंतिम विकेट की जोड़ी ने लक्ष्य तक पहुंचने में मदद की। उन्होंने कहा, ‘हमें देखना होगा कि हम इस तरह के हालात में उनके स्पिनरों के खिलाफ कैसे बल्लेबाजी करें। हमारे खिलाड़ी इस तरह के हालात में खेलते हुए बड़े हुए हैं। यह बस दबाव से निपटने की बात है।’
रोहित ने कहा, ‘स्कोर काफी नहीं था। अगर हम 30 से 40 रन और बना लेते तो इससे अंतर पैदा होता। केएल राहुल और वाशिंगटन सुंदर की बदौलत हम वहां तक पहुंच सकते थे। दुर्भाग्य से हमने मध्य के ओवरों में विकेट गंवा दिए और वापसी करना इतना आसान नहीं होता।’ हालांकि उन्होंने अपने गेंदबाजों की तारीफ की जबकि अंत के 30 मिनट में वे इतने प्रभावी नहीं रहे।
रोहित ने कहा, ‘यह काफी करीबी मैच था। हमने मैच में वापसी कर अच्छा किया। हमने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की। हमने अच्छी गेंदबाजी की और उन्हें अंत तक दबाव में रखा। उन्होंने अंत में दबाव में संयम बनाए रखा। अगर आप देखो तो निश्चित रूप से अंतिम कुछ ओवर में हम एक विकेट निकालना पसंद करते, पर हम इससे पहले विकेट चटकाते रहे।’ मुझे भरोसा है कि खिलाड़ी सीख लेंगे और हम अगले मैच में नजरे लगाए हैं। उम्मीद है कि हम चीजों को बदल देंगे। हमें पता है कि इस तरह के हालात में क्या करने की जरूरत है।’