Wednesday , September 16 2026 4:22 AM
Home / Sports / रोहित शर्मा ने डगआउट से लिया सीएसके का विकेट, एक इशारे ने मुंबई इंडियंस को दिलाई सफलता

रोहित शर्मा ने डगआउट से लिया सीएसके का विकेट, एक इशारे ने मुंबई इंडियंस को दिलाई सफलता


रोहित शर्मा इंजरी की वजह से आईपीएल 2026 में अभी नहीं खेल रहे हैं। वह टीम के साथ हर मैच में नजर आते हैं लेकिन प्लेइंग इलेवन में नहीं होते। आरसीबी के खिलाफ सीजन के 20वें मैच के दौरान रोहित के हैमस्ट्रिंग में दिक्कत आई थी। वह रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। तब बताया गया था कि उन्हें गंभीर चोट नहीं है। लेकिन इसके बाद भी अभी तक प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है। इसके बाद भी रोहित डगआउट से ही मुंबई की मदद कर रहे हैं।
रोहित के सुझाव से मिला विकेट – चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा का सुझाव काम आ गया। संजू सैमसन के आउट होने के बाद भी चेन्नई सुपर किंग्स तेजी से रन बना रही थी। 5वें ओवर में रोहित ने डगआउट से स्पिनर को गेंदबाजी करने का इशारा किया। अगले ओवर में कप्तान हार्दिक पंड्या अल्लाह अजनफर को लेकर आए। उन्होंने चौथी गेंद पर तेजी से रन बना रहे उर्विल पटेल को बोल्ड कर दिया। उर्विल ने 12 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। स्टार स्पोर्ट्स ने इसे लेकर पोस्ट भी शेयर किया है।
5 बार के चैंपियन कप्तान हैं रोहित शर्मा – रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान में गिने जाते हैं। वह 2013 से 2023 तक मुंबई इंडियंस के कप्तान रहे। इन 11 सीजन में मुंबई ने 5 खिताब जीते। 2024 सीजन से पहले रोहित को हटाकर मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पंड्या को कप्तानी की जिम्मेदारी दी थी।
मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हार मिली – मुंबई इंडियंस को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ इस मुकाबले में 8 विकेट से हार मिली। चेपॉक स्टेडियम में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। टीम ने 7 विकेट पर 159 रन बनाए। 11वें ओवर में टीम का स्कोर 99 रन था। लेकिन इसके बाद सीएसके के गेंदबाजों ने दमदार वापसी की। पावरप्ले में दो विकेट गिरने के बाद भी सीएसके ने मैच को 8 विकेट से जीत लिया। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने 67 और कार्तिक शर्मा ने 54 रनों की नाबाद पारी खेली। दोनों के बीच 98 रनों की साझेदारी हुई।