
रूस ने रविवार तड़के यूक्रेन की राजधानी पर हमला कर कम से कम दो आवासीय इमारतों को निशाना बनाया। कीव के मेयर विताली क्लित्स्चको ने बताया कि इस हमले में कई बिल्डिंगों को नुकसान पहुंचा। कीव में रूसी हमले के कारण बिल्डिंगों में आग लग गई, जिसे बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस बीच खबर है कि यूक्रेन के पूर्वी हिस्से में रूसी सैनिकों ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। उन्होंने लुहांस्क के 80 फीसदी से ज्यादा इलाकों पर कब्जा जमा लिया है।
रूस ने कीव पर दागीं 14 मिसाइलें : कीव के मेयर क्लित्स्चको ने कहा कि चार घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और सात साल की एक बच्ची को मलबे से जीवित बाहर निकाला गया।यूक्रेन के सांसद ओलेक्सी गोनचारेंको ने संदेश भेजने में उपयोग किये जाने वाले टेलीग्राम ऐप पर लिखा कि शुरूआती आंकड़ों के मुताबिक कीव क्षेत्र पर कम से कम 14 मिसाइल दागी गईं। रविवार तड़के हुए हमलों से पहले कीव ने पांच जून से इस तरह के रूसी हमलों का सामना नहीं किया था।
नाटो की बैठक से पहले रूस ने किया हमला : क्लित्स्चको ने कहा कि उनका मानना है कि मैड्रिड में इस हफ्ते होने वाले उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की बैठक से पहले यह संभवत: एक प्रतीकात्मक हमला रहा होगा। कीव में बाद में विस्फोट की दो और आवाज सुनी गई, लेकिन उनके कारण और उनमें हताहत हुए संभावित लोगों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है।
पूर्वी यूक्रेन में रूस की पकड़ हुई मजबूत : इस बीच, रूसी सैनिक पूर्वी लुहांस्क क्षेत्र में यूक्रेन के शेष गढ़ पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। रूसी सैनिक सिवेरोदोंतेस्क के भग्नावशेषों और रासायनिक संयंत्र, जहां सैकड़ों यूक्रेनी सैनिक और नागरिक छिपे हुए हैं, पर पूर्ण नियंत्रण कायम करने के लिए अपनी गतिविधियां तेज कर रहे हैं। लुहांस्क क्षेत्र के गवर्नर सेरहीय हैदई ने रविवार को कहा कि रूस लाईसीचांस्क शहर पर तेज हमले कर रहा है और उसके टेलीविजन टावर को नष्ट कर दिया है तथा उसने एक पुल को भी गंभीर क्षति पहुंचाई है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website