
अमेरिकी हमले के खिलाफ सऊदी अरब खुलकर ईरान के साथ खड़ा हो गया है। सऊदी अरब के प्रधानमंत्री और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से टेलीफोन पर बात की है। अरब न्यूज के मुताबिक, इस दौरान सऊदी क्राउन प्रिंस ने उन्हें आश्वासन दिया है कि ईरान के खिलाफ किसी भी सैन्य कार्रवाई के दौरान किसी भी हाल में सऊदी अरब के एयरस्पेस का इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। अरब न्यूज ने सऊदी अरब प्रेस एजेंसी के हवाले से बताया है कि क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने राष्ट्रपति पेजेश्कियन से कहा कि “सऊदी अरब, ईरान की संप्रभुता का सम्मान करता है और ऐसे किसी भी प्रयास का समर्थन करता है, जो बातचीत के जरिए विवादों को इस तरह से सुलझाए जिससे क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता बढ़े।”
इस दौरान ईरान के राष्ट्रपति ने सऊदी अरब के ईरान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का समर्थन करने के लिए आभार जताया है। उन्होंने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस को धन्यवाद दिया है। इससे पहले ईरानी मीडिया ने राष्ट्रपति पेजेश्कियन के हवाले से बताया था कि तेहरान हमेशा अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में किसी भी ऐसी प्रक्रिया का स्वागत करता है जो युद्ध को रोकती है। पेजेश्कियन ने प्रिंस मोहम्मद से यह भी कहा कि “इस्लामिक देशों की “एकता और एकजुटता” क्षेत्र में “स्थायी सुरक्षा, स्थिरता और शांति” की गारंटी दे सकती है।” ईरान और सऊदी के नेताओं के बीच उस वक्त बात हुई है, जब अमेरिका का एक एयरक्राफ्ट कैरियर मिडिल ईस्ट पहुंच चुका है और डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ‘दूसरा एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप भी ईरान की तरफ बढ़ रहा है।’
Home / News / ईरान के समर्थन में खुलकर आया सऊदी अरब, अमेरिकी हमले के खिलाफ MBS का बड़ा ऐलान, ईरानी राष्ट्रपति ने चेताया
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website