Tuesday , September 29 2026 9:20 AM
Home / Sports / दूसरा वनडे : भुवी-शमी के बाद चमके कोहली-धोनी, बराबरी पर आया भारत

दूसरा वनडे : भुवी-शमी के बाद चमके कोहली-धोनी, बराबरी पर आया भारत


मैन ऑफ द मैच कप्तान विराट कोहली (104) और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी (नाबाद 55) की बेहतरीन पारियों के दम पर भारत ने मंगलवार को एडिलेड ओवल मैदान पर खेले गए दूसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हरा दिया। इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। अंतिम वनडे 18 जनवरी को मेलबोर्न में खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए थे। भारत ने इस लक्ष्य को चार गेंद शेष रहते हुए हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए शॉन मार्श ने 123 गेंदों पर 131 रनों की पारी खेली। उन्होंने ग्लैन मैक्सवेल (48) के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी भी की थी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत को रोहित शर्मा (43) और शिखर धवन (32) ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े।

यहां धवन जेसन बेहेरेनडॉर्फ की गेंद पर उस्मान ख्वाजा को कैच दे बैठे। रोहित को कप्तान कोहली का साथ मिला। दोनों ने बिना किसी परेशानी के टीम के 100 रन पूरे किए। यहां 101 के कुल स्कोर पर रोहित, मार्कस स्टोइनिस की गेंद को पुल करने के प्रयास में पीटर हैंड्सकॉम्ब को कैच दे बैठे। कोहली ने अंबाती रायडू (24) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 59 रन जोड़े। यहां मैक्सवेल ने रायडू को आउट कर उन्हें अकेला छोड़ दिया। भारत का स्कोर अब 160 रनों पर तीन विकेट था और मैच जीतने के लिए उसे यहां एक बड़ी साझेदारी की जरूरत थी।

पूर्व कप्तान धोनी ने कोहली के साथ मिलकर टीम की जरूरत को पूरा किया और बिना किसी परेशानी के स्ट्राइक रोटेट करते हुए स्कोर बोर्ड को चला अपनी टीम को जीत की दहलीज पर ले जाते रहे। कोहली ने पीटर सिडल द्वारा फेंके गए 43वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर वनडे क्रिकेट में अपना 39वां शतक पूरा किया। इसके अगले ओवर में ही हालांकि कोहली, झाए रिचर्डसन की गेंद पर डीप मिडविकेट पर मैक्सवेल के हाथों लपके गए।

कोहली ने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के मारे। यहां धोनी के कंधों पर टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी थी, जिसे उन्होंने दिनेश कार्तिक (नाबाद 25) के साथ मिलकर बखूबी निभाया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 57 रन जोड़ टीम को जीत दिलाई। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए सात रन चाहिए थे।

धोनी ने पहली ही गेंद पर छक्का मार जीत पक्की की और अगली गेंद पर एक रन लेकर टीम को जीत दिलाई। छक्के के साथ धोनी ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। इस सीरीज में यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। धोनी ने अपनी नाबाद पारी में 54 गेंदें खेलीं और दो छक्के मारे।