
फिलीपींस में चीन के खिलाफ लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इसका ताजा सबूत पालवान प्रांत के कलायान नगरपालिका परिषद में देखने को मिला। दक्षिण चीन सागर में एक द्वीप पर स्थित इस नगरपालिका परिषद ने बुधवार को सर्वसम्मति से फिलीपींस में चीनी राजदूत हुआंग जिलियन को परसोना नॉन ग्रेटा यानी अवांछित व्यक्ति घोषित कर दिया। किसी विदेशी राजदूत को परसोना नॉन ग्रेटा घोषित करने का फैसला संबंधित देश की सरकार करती है। ऐसे में नगरपालिका के इस फैसले को चीन के खिलाफ गुस्से के तौर पर देखा जा रहा है। नगरपालिका का यह फैसला दक्षिण चीन सागर में चीन और फिलीपींस के बीच जारी तनाव के बाद लिया गया है। चीनी कोस्ट गार्ड के शिप दक्षिण चीन सागर में फिलीपींस की नौकाओं का रास्ता रोक कर खड़े हैं।
चीनी दूतावास को भेजा जाएगा प्रस्ताव – कलायान नगरपालिका परिषद ने कहा कि उन्होंने शहर की भावनाओं को व्यक्त करने के लिए इस प्रस्ताव को पारित किया है। चीन के खिलाफ इस प्रस्ताव को काउंसलर मौरिस फिलिप एलेक्सिस अल्बायदा ने पेश किया था। अब इस प्रस्ताव को फिलीपींस के विदेश विभाग, सीनेट और मनीला में चीनी दूतावास को भेजा जाएगा। अल्बायदा ने कहा कि यह उच्च सरकारी अधिकारियों को उनकी भावनाओं से अवगत कराने और जिलियन को पश्चिमी फिलीपीन सागर में उनके देश (चीन) की दमनकारी कार्रवाइयों के बारे में उनकी मजबूत चिंताओं से अवगत कराने का काम करेगा।
चीन और फिलीपींस में जबरदस्त तनाव – यह प्रस्ताव 5 अगस्त को दक्षिण चीन सागर में चीन और फिलीपींस के बीच हुए संघर्ष से प्रेरित है। इस दौरान चीनी कोस्ट गार्ड के जहाजों ने फिलीपीन तटरक्षकों की दो आपूर्ति नौकाओं को टक्कर मारने का प्रयास किया था। इसके बाद चीनी कोस्ट गार्ड शिप ने फिलीपीन की नौकाओं पर पानी की बौछार का इस्तेमाल किया था। अल्बायदा ने कहा कि चीन के आक्रामक व्यवहार ने न केवल आपूर्ति नौकाओं के चालक दल और यात्रियों के जीवन को खतरे में डाल दिया, बल्कि एस्कॉर्टिंग पीसीजी के बीआरपी काबरा में सवार चालक दल के लोगों को भी खतरे में डाल दिया था। इसमें कलायान के तीन निवासी भी शामिल थे।
दक्षिण चीन सागर पर दावा करता है चीन – चीन पूरे दक्षिण चीन सागर पर अपना दावा करता है। उसका मानना है कि आकार में बड़ा होने के कारण दक्षिण चीन सागर पर उसका अधिकार होना चाहिए। अपने दावों को पुख्ता करने के लिए चीन दक्षिण चीन सागर में कई कृत्रिम द्वीपों का निर्माण कर उनका सैन्यीकरण कर रहा है। इन द्वीपों पर मिसाइल, रडार और दूसरे हथियारों को तैनात किया जा रहा है। चीन ने हाल में ही वियतनाम के पास एक विवादित द्वीप पर रनवे का निर्माण किया है।
Home / News / फिलीपींस में चीन के खिलाफ गुस्सा तो देखें, एक नगरपालिका ने चीनी राजदूत को घोषित किया अवांछित व्यक्ति
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website