Wednesday , September 2 2026 5:40 PM
Home / News / ‘आतंकवाद कोई रणनीतिक संपत्ति नहीं’, शहबाज के मुंह पर पीएम मोदी का पाकिस्तान पर बड़ा जुबानी हमला

‘आतंकवाद कोई रणनीतिक संपत्ति नहीं’, शहबाज के मुंह पर पीएम मोदी का पाकिस्तान पर बड़ा जुबानी हमला


किर्गिस्तान के बिश्केक में चल रहे 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पाकिस्तान पर बड़ा प्रहार किया है। उन्होंने आतंकवाद के मुद्दे पर कड़ा संदेश देते हुए मंगलवार को पूरे आतंकी इकोसिस्टम को खत्म करने का आह्वान किया और कहा कि ‘दोहरे मापदंडों के लिए कोई जगह नहीं हो सकती।’ प्रधानमंत्री मोदी की यह कड़ी टिप्पणी एक राउंडटेबल चर्चा के दौरान आई है जिसमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और SCO के बाकी नेता भी शामिल थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा ‘हमें एक सुर में यह कहना होगा कि इस गंभीर मुद्दे पर दोहरे मापदंडों की कोई गुंजाइश नहीं है। जो देश आतंकवाद का इस्तेमाल अपनी नीति के हथियार के तौर पर करते हैं और आतंकवादियों को पनाह और समर्थन देते हैं उन्हें कड़ा संदेश दिया जाना चाहिए। आतंकवाद किसी के लिए भी रणनीतिक संपत्ति नहीं हो सकता।’
मोदी ने आतंकवाद पर पाकिस्तान को लताड़ा – पीएम मोदी ने ने कहा ‘हमें एक सुर में यह कहना होगा कि आतंकवाद के मामले में दोहरे मापदंडों की कोई जगह नहीं हो सकती।’ उस समय वहां उनके पाकिस्तानी समकक्ष शहबाज शरीफ भी मौजूद थे। उन्होंने कहा ‘हमें आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम यानी इसकी फंडिंग, भर्ती, कट्टरपंथ और सुरक्षित ठिकानों को खत्म करना होगा।’ आतंकवाद के अलावा पीएम मोदी ने SCO के लिए भारत के विजन के तीन मुख्य स्तंभों सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसर पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किर्गिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में कहा कि युद्ध के मैदान में कोई समाधान नहीं निकलता है और सभी युद्धों और विवादों को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी और शहबाज शरीफ के अलावा किर्गिस्तान की राजधानी में हुई इस चर्चा में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान, बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव, उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव और ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमाली रहमान भी मौजूद थे।