
बैंकाकः थाइलैंड में समुद्र के किनारे मिली एक व्हेल की रविवार को मौत हो गई। हैरानी की बात ये है कि इस व्हेल मछली के पेट से प्लास्टिक के 80 बैग मिले हैं, जिनका वजन करीब 8 किलो है। दरअसल समुद्र में बढ़ते प्लास्टिक के कचरे ने पर्यावरणविदों के साथ ही आम लोगों को भी चिंता में डाल दिया है।
बता दें कि यह व्हेल मछली थाइलैंड के दक्षिणी प्रांत सोंगखला के समुद्री इलाके में बेहोशी की हालत में पाई गई थी। जिसके बाद वेटरनरी डॉक्टरों की एक टीम इस व्हेल मछली के इलाज में लगी थी। थाइलैंड के मरीन और कोस्टल रिसोर्स डिपार्टमेंट का कहना है कि शुक्रवार को व्हेल ने उल्टी की थी, जिसमें प्लास्टि के 5 बैग मिले थे। इसके बाद व्हेल की ऑटोप्सी की गई तो उसके पेट से प्लास्टिक के 80 बैग निकाले गए।
मरीन डिपार्टमेंट का कहना है कि पेट में प्लास्टिक ने व्हेल को बीमार बना दिया था जिस कारण व्हेल अपने खाने के लिए शिकार नहीं कर पा रही थी। डिपार्टमेंट का कहना है कि शायद व्हेल को लगा होगा कि समुद्र में तैरते प्लास्टिक के बैग खाना है और इसी के चलते व्हेल ने उन्हें निगल लिया। बता दें कि व्हेल मछली का भोजन आमतौर पर समुद्रीफेनी होता है, लेकिन इसके साथ ही व्हेल ऑक्टोपस और छोटी मछलियों का भी शिकार करती है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website