Sunday , August 9 2026 1:31 PM
Home / News / 50 फाइटर जेट, 10 मिनट और 100 स्ट्राइक, इजरायल ने कैसे किया लेबनान पर सबसे बड़ा हमला, राष्ट्रपति ने कहा- नरसंहार

50 फाइटर जेट, 10 मिनट और 100 स्ट्राइक, इजरायल ने कैसे किया लेबनान पर सबसे बड़ा हमला, राष्ट्रपति ने कहा- नरसंहार


अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के युद्धविराम की घोषणा के बाद जब दुनिया पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद लगा रही थी, उसी दिन इजरायल ने लेबनान में अब तक का सबसे बड़ा हमला बोल दिया। इजरायली सेना ने 10 मिनट में 100 से ज्यादा हवाई हमले किए। इस ऑपरेशन में 50 से ज्यादा लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया। ये हमले लेबनान की राजधानी बेरूत, बेका घाटी और दक्षिणी लेबनान में किए गए, जिसमें रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया।
लेबनान के लिए यह इस संघर्ष का सबसे जानलेवा दिन साबित हुआ, जिसमें कम से कम 254 लोग मारे गए और 1100 से ज्यादा घायल हुए हैं। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है, क्योंकि बचाव दल मलबे के नीचे लोगों को तलाश रह है। हवाई हमलों की इस लहर को लेबनान में युद्ध शुरू होने के बाद सबसे बड़ी बताया जा रहा है। यह लहर डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ युद्धविराम की घोषणा के बाद शुरू हुई। लेबनान के राष्ट्रपति ने इसे नरसंहार कहा है।
आज इज़रायल एक बार फिर अपनी आक्रामकता पर अड़ा हुआ है; वह सभी मानवीय मूल्यों की सरेआम धज्जियां उड़ाते हुए और हालात को शांत करने तथा स्थिरता लाने के सभी प्रयासों को नज़रअंदाज़ करते हुए, अपने शर्मनाक रेकॉर्ड में एक और नरसंहार जोड़ रहा है।
लेबनान सीजफायर का हिस्सा नहीं? – इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने युद्धविराम को घोषणा के कुछ देर बाद ही एक बयान जारी कर कहा कि लेबनान इसका हिस्सा नहीं है और हिजबुल्लाह के खिलाफ हमले जारी रहेंगे। वहीं, ईरान ने साफ कहा है कि लेबनान अलग नहीं है और वह संघर्ष विराम का हिस्सा है। तेहरान ने लेबनान पर इजरायली हमले को युद्धविराम समझौते के लिए दिए गए उसके 10 पॉइंट प्लान का उल्लंघन बताया है। इसमें लेबनान में भी हमले रोकने की बात कही गई है।
ईरान की युद्धविराम तोड़ने की धमकी – ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी फार्स न्यूज ने कहा कि तेहरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया गया है।
लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमलों को लेकर युद्धविराम का उल्लंघन बताया गया।
ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने तेहरान की चेतावनी के बारे में बताया कि अगर इजरायल लेबनान पर हमले जारी रखता है तो ईरान युद्धविराम से पीछे हट जाएगा।