Friday , March 29 2024 10:39 AM
Home / Off- Beat / 135 साल से बन रहा यह चर्च 2026 में होगा पूरा, जानिए इसकी खास बातें

135 साल से बन रहा यह चर्च 2026 में होगा पूरा, जानिए इसकी खास बातें


बार्सिलोना। स्पेन में हर साल हजारों पर्यटक पहुंचते हैं और बार्सिलोना में बसे रोमन कैथोलिक गिरजाघर सग्रादा फैमिलिया को देखने जरूर जाते हैं। सग्रादा फैमिलिया का निर्माणकार्य 1882 में शुरू हुआ था, जो अब तक चल रहा है। इसका डिजाइन वास्तुकला विशेषज्ञ एंटोनी गाॅडी ने तैयार किया था। खास बात यह है कि पर्यटकों को इसका अधूरापन खलता नहीं है और वे इस गिरजाघर का दौरा जरूर करते हैं।

यूनेस्को ने इसे विश्व विरासत स्थल के रूप में घोषित किया है। बहरहाल, अब इसका निर्माण पूरा होने की कगार पर है। ऐसे में इस चर्च के बारे में कुछ रोचक तथ्य जानना दिलचस्प होगा।

– इस चर्च का निर्माण 135 सालों से चल रहा है। इसमें 9 हजार लोग इकट्ठा हो सकते हैं। यह 300 फुट लंबा और 200 फुट चौड़ा है।

– आर्किटेक्ट एंटोनी गाॅडी को 1883 में इस प्रोजेक्ट में शामिल किया गया था। उन्हें योजना और पूर्ण निर्माण की जिम्मेदारी दी गई थी। वैसे एंटोनी इस प्रोजेक्ट के पहले आर्किटेक्ट नहीं थे। यह प्रोजेक्ट फ्रांसिस्को पाउला डेल विल्लर का था, जो एक पारंपरिक गोथिक चर्च बनाने का इरादा रखते थे, लेकिन उन्होंंने सिर्फ एक साल में इस्तीफा दे दिया था। फिर गॉडी ने इसे अपने हाथ में लिया और इस विचार को पूरी तरह बदल दिया।

– 1926 में एंटोनी की मौत हो गई थी। उनकी मौत ट्राम से टकराने की वजह से हुई। जब उनकी मौत हुई तब इस चर्च का निर्माण केवल 15 से 25 प्रतिशत ही हुआ था।

– उनकी मौत के बाद सग्रादा फैमिलिया के निर्माण की जिम्मेदारी दोमेनेत्स को दी गई। लेकिन 1938 में उनकी भी मौत हो गई जिसके बाद निर्माण कार्य की रफ्तार पहले से काफी कम हो गई था। यह प्रोजेक्ट इस स्थिति में पहुंच गया कि इसके निर्माण में पैसों के लिए लोगों के दान पर निर्भर रहना पड़ा था।

– हालांकि 2010 तक चर्च का आधा निर्माण हो गया था। योजना के मुताबिक यह चर्च 2026 में पूरा हो जाएगा। तकनीकी प्रगति के साथ इसके निर्माण में तेजी आई है। साथ ही 2026 में एंटोनी की मृत्यु को 100 साल पूरे हो जाएंगे। यानी कि यह चर्च 144 सालों में पूरा होगा।