दुनिया में कई लोग हैं जो अजीबोगरीब काम करते रहते हैं। लेकिन इस शख्स का कारनामा जानकर तो आप दंग ही रह जाएंगे। अमेरिका के रहने वाले इस शख्स ने चौंकाने वाला काम कर दिया है। जैक लैंड्सबर्ग नाम के इस शख्स ने ऊटा के पास स्थित रेगिस्तान में खुद के लिए एक नया देश बना दिया, जहां जाने के लिए पासपोर्ट की आवश्यकता होती है।
जैक लैंड्सबर्ग नाम के शख्स ने इस देश का नाम रिपब्लिक ऑफ जाकिस्तान रखा है और खुद को वहां का राष्ट्रपति बताता है। हालांकि, इसे एक देश के रुप में कहीं पर भी मान्यता नहीं मिली हुई है। चार एकड़ एरिया में बना यह देश नजदीकी शहर से 96 किलोमीटर की दूरी पर है, जबकि सड़क 24 किलोमीटर की दूरी पर है।
बॉक्स एल्डर काउंटी में स्थित इस जमीन को जैक ने करीब 16 साल पहले ऑनलाइन खरीदा था। उनका उद्देश्य इसे एक संप्रभु राष्ट्र के रुप में डेवलप करना था। इसके लिए वे तमाम कोशिश भी कर रहे हैं, लेकिन वे जानते हैं कि ऐसा संभव नहीं है। बावजूद इसके जैक ने जाकिस्तान की सुरक्षा के लिए जहां रोबोट गार्ड की व्यवस्था की है, वहीं जाकिस्तान का पासपोट्र भी जारी किया है।
जैक का कहना है कि जाकिस्तान की सीमा में आने और जाने के दौरान लोगों के पासपोर्ट पर मुहर लगाने का भी प्रावधान है। वे कहते हैं कि जब मैंने पहली बार इस साइट का विजिट किया था, तब से ही मैं इसे एक देश के रुप में स्टेब्लिश करना चाहता था। उन्होंने अपने इस देश का मोटो ‘समथिंग फ्रॉम नथिंग’ रखा है।
जाकिस्तान को एक देश का दर्जा देने वाले जैक खुद वहां पर नहीं रहते हैं। हालांकि, वे साल में एक से दो बार जाते हैं। साथ में उनके दोस्त भी जाकिस्तान विजिट करने जाते हैं। उनके दोस्तों का कहना है कि जैक का ये देश शानदार है। यहां आने में उन्हें काफी मजा आता है।