
पाकिस्तान के लाहौर शहर में बहुत दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक निर्माणाधीन इमारत में चल रहे निजी ट्यूशन की छत गिर गई। दर्दनाक हादसे में कम से कम 14 स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि 5 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना मंगलवार को लाहौर के काहना इलाके की ईदगाह बस्ती में हुई। सात से 13 साल की उम्र के बच्चे क्लास में बैठे थे, तभी छत गिर गई और वे मलबे के नीचे दब गए। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान 20 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया। पुलिस ने बताया कि घायलों में एक महिला टीचर भी शामिल है।
लाहौर की कमिश्नर मरियम खान ने 14 लोगों की मौत की पुष्टि की है और बताया कि जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि इस हादसे के सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि वे हादसे की जगह पर सबूत इकठ्ठा कर रहे हैं। यह इमारत घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में बनी थी।
इमारत में चल रहा निर्माण कार्य – लाहौर के डीआईजी ऑपरेशंस फैसल कामरान ने बताया कि मलबे से 14 शव निकाले जा चुके हैं। कामरान ने बताया कि यह ट्यूशन सेंटर जिस इमारत में चल रहा था, उसका कुछ हिस्सा बन रहा था। जब छत गिरी, उस समय भी वहां मजदूर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा, “इमारत का एक हिस्सा बन रहा था और जब छत गिरी तो मजदूर काम में लगे हुए थे। हमने कॉन्ट्रैक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।”
शहबाज शरीफ ने हादसे पर जताया दुख – पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना पर दुख जताया है। उनके कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, शरीफ ने लाहौर के काहना इलाके में ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से कीमती जानें जाने पर दुख जताया। उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की और अधिकारियों को उन्हें हर संभव मेडिकल मदद देने का निर्देश दिया। वहीं, पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने पुलिस और जिला अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इमारत गिरने के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करें और उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू करें।
Home / News / पाकिस्तान में दर्दनाक हादसा, लाहौर में ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से 14 बच्चों की मौत, 5 घायल
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website