Saturday , April 20 2024 1:04 PM
Home / News / ट्रम्प एक समझदार व्यक्ति हैं और वह अपनी जिम्मेदारी जल्द समझ लेंगे: पुतिन

ट्रम्प एक समझदार व्यक्ति हैं और वह अपनी जिम्मेदारी जल्द समझ लेंगे: पुतिन

5
मास्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ट ट्रम्प एक समझदार व्यक्ति है और वह अपनी जिम्मेदारी को जल्द ही समझ लेंगे। पुतिन ने एक टीवी को दिये साक्षात्कार में कहा, ट्रम्प एक उद्यमी और व्यवसायी हैं। वह पहले से ही एक राजनेता हैं। विश्व के शीर्ष देशों में शामिल अमेरिका के वह प्रमुख हैं।

पुतिन ने पहले ही आशा व्यक्त की थी कि ट्रम्प अमेरिका-रूस के संबंधों को बहाल करने में मदद करेंगे। विशेषज्ञों का भी कहना है कि जनवरी में अपना पद संभालने के बाद वह पश्चिम विरोधी बयानबाजी को बढ़ावा नहीं देना चाहेंगे। पुतिन ने कहा, उन्होंने व्यवसाय में सफलता हासिल की है। मेरा मानना है कि वह एक समझदार व्यक्ति हैं। चूंकि वह समझदार व्यक्ति हैं इसलिए वह जिम्मेदारियों को अच्छे से और जल्द ही समझ जायेंगे। हमारा मानना है कि वह इन जिम्मेदारियों को अच्छी तरह से संभालेंगे। पुतिन का यह बयान तब आया है जब ट्रम्प के विरोधी उन पर परंपरागत तरीके से हटकर चुनाव लडऩे का आरोप लगा रहे थे।

गौरतलब है कि ट्रम्प के ताईवान के राष्ट्रपति शई इंग वेन से फोन पर बातचीत किये जाने को लेकर चीन ने शनिवार को कड़ा राजनीतिक विरोध दर्ज किया था। पुतिन ने कहा, स्थितियों में बदलाव हो रहा है। मेरा मानना है कि यह किसी से छुपा नहीं है, यह सबको दिख रहा है। हमारे सहयोगियों में से कई अंतर्राष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों के साथ चलना पसंद करते हैं क्योंकि विश्व के संतुलन को धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है। पुतिन ने कहा कि जब अन्य देशों के साथ रूस संबंधों को बेहतर बनाने की कोशिश होगी तो वह अपने हितों का सम्मान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *