
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के पहले मंगल अभियान को खराब मौसम के कारण शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दिया है। यूएई के मंगलयान का नाम ‘अमल’ या उम्मीद है, जिसे जापान के एच-2ए रॉकेट के जरिए बुधवार को दक्षिणी जापान के तनेगाशिमा अंतरिक्ष केंद्र से रवाना किया जाना था। यूएई के ‘होप मार्स मिशन’ ने ट्विटर पर इसे शुक्रवार 17 जुलाई 2020 तक स्थगित किए जाने की घोषणा की।
मित्सुबिशी भारी उद्योग का एच-2ए रॉकेट यूएई के यान को अंतरिक्ष में ले जाएगा। परियोजना से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी किजी सुजुकी ने सोमवार को कहा था कि आने वाले कुछ दिनों में रुक-रुककर छिटपुट बारिश होने का अनुमान है। खराब मौसम की यह स्थिति गंभीर अथवा स्थायी होने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में हमारा आकलन है कि प्रक्षेपण के लिए मौका मिल जाएगा।
हम उपलब्ध ब्यौरे के आधार पर बेहद सावधानी से अंतिम निर्णय लेंगे। जापान के बड़े हिस्से में करीब एक सप्ताह से भारी बारिश हो रही है जिसके चलते भूस्खलन और बाढ़ की स्थिति बन गई है और इसके कारण 70 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस मंगलयान के फरवरी 2021 में मंगल पर पहुंचने की उम्मीद है और इसी वर्ष यूएई अपनी 50वीं वर्षगांठ मनाएगा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website