Thursday , June 4 2026 6:23 PM
Home / Sports / आकिब नबी सहित वो कौन से 6 किस्मती गेंदबाज हैं, जिनकी अफगानिस्तान टेस्ट से पहले अचानक नेट बॉलर के तौर पर एंट्री

आकिब नबी सहित वो कौन से 6 किस्मती गेंदबाज हैं, जिनकी अफगानिस्तान टेस्ट से पहले अचानक नेट बॉलर के तौर पर एंट्री


जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी डार को अफगानिस्तान के खिलाफ छह जून से यहां शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारत के नेट अभ्यास सत्र के लिए चुने गए 6 गेंदबाजों में शामिल किया गया है। नबी को इस मैच के लिए टेस्ट टीम में नहीं चुने जाने पर चयन समिति को आलोचना का सामना करना पड़ा था।
नेट में प्रैक्टिस कराएंगे नबी – नबी के अलावा आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले उत्तर प्रदेश के लेग स्पिनर जीशान अंसारी को भी नेट अभ्यास के लिए बुलाया गया है क्योंकि अफगानिस्तान की टीम में कलाई के स्पिनर होने की संभावना है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘आकिब नबी को भारतीय नेट अभ्यास सत्र में शामिल होने के लिए कहा गया है। औकिब ही नहीं छह अन्य गेंदबाजों को भी नेट अभ्यास के लिए बुलाया गया है। भारतीय टीम के दो प्रमुख तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा सात दिन में आईपीएल के तीन मैच खेलने के कारण नेट अभ्यास में पूरी ताकत नहीं झोंक सकते हैं। बल्लेबाजों को पर्याप्त अभ्यास की जरूरत है।’
नबी ने 60 विकेट लेकर जम्मू कश्मीर को रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी लेकिन भारतीय टीम में उनके बजाय पंजाब के लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को प्राथमिकता दी गई। भारतीय टीम के पहले अभ्यास सत्र में सभी खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है।
इन गेंदबाजों को भी मिली जगह – छह खिलाड़ियों में आकिब नबी, गुरजापनीत सिंह, प्रिंस यादव, सारांश जैन, जीशान अंसारी और शिवांग कुमार के नाम शामिल हैं, जो नेट सत्र के दौरान भारतीय स्टार बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा लेंगे। इस सूची में सबसे चर्चित नाम जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी का है। आकिब हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए मुख्य टीम में जगह बनाने से चूक गए थे लेकिन सेलेक्टर्स ने उनकी प्रतिभा पर भरोसा जताते हुए उन्हें नेट बॉलर के रूप में तुरंत वापस बुलाया है।
प्रिंस यादव पर भी नजरें – आकिब के साथ तेज गेंदबाजी विभाग में तमिलनाडु के गुरजापनीत सिंह और आईपीएल में अपनी रफ्तार से प्रभावित करने वाले युवा सनसनी प्रिंस यादव भी शामिल हैं। प्रिंस यादव की काबिलियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे टेस्ट मैच के बाद होने वाली वनडे सीरीज के लिए मुख्य भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
स्पिन गेंदबाजी की बात करें तो मध्य प्रदेश के अनुभवी ऑफ स्पिनर सारांश जैन इस दल का मुख्य चेहरा हैं। सारांश के पास फर्स्ट क्लास क्रिकेट का लंबा अनुभव है, जहां उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए 52 मैचों में 181 विकेट चटकाए हैं। उनकी यह सटीकता और अनुभव नेट सत्र में भारतीय बल्लेबाजों को स्पिन के खिलाफ अपनी तकनीक सुधारने में काफी मददगार साबित होगा।