
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से संभावित समझौते पर किए गए दावों को ईरान ने खारिज कर दिया है। शुक्रवार को ट्रंप की पोस्ट आने के कुछ देर के बाद ही ईरानी सेना से जुड़े मीडिया ने ट्रंप के बयान को ‘झूठ-सच का मेल’ बताकर खारिज कर दिया। ईरान ने कहा है कि डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ ऐसी बातों का जिक्र कर दिया है, जो विचाराधीन समझौते की शर्तों में शामिल ही नहीं हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को बिना किसी शुल्क के फिर से खोलने की बात कही है।
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़ी ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने तेहरान के वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से कहा कि ट्रंप की टिप्पणियां एक मनगढ़ंत जीत दिखाने का प्रयास हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रस्तावित समझौता ईरान में मंजूरी के अंतिम चरण में है। इस पर अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
‘होर्मुज को बिना शर्त नहीं छोड़ेंगे’ – ईरानी मीडिया ने जोर देकर कहा कि होर्मुज को फिर से खोलने के लिए ईरान की व्यवस्थाओं में जहाजों की निगरानी और जांच-पड़ताल, सेवाओं का प्रावधान और सुरक्षा उपाय शामिल हो सकते हैं। ईरान ने बिना शर्त होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खोलने पर सहमति नहीं जताई है। मसौदे में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है।
फार्स समाचार एजेंसी ने डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को भी खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया है कि ईरान अपने संवर्धित यूरेनियम को नष्ट कर देगा या उसे अमेरिका को दे देगा। ईरानी सूत्रों ने इस दावे को पूरी तरह से बेबुनियाद बताया है और कहा है कि समझौते में ऐसा कोई भी प्रावधान शामिल नहीं है।
ईरान अपनी शर्तों पर अड़ा – ईरान ने कहा है कि मसौदे का सबसे अहम हिस्सा ईरान की 12 अरब डॉलर की उन संपत्तियों को तुरंत जारी करना है, जिन्हें रोक दिया गया है। जब तक ये धनराशि जारी नहीं हो जाती, तब तक तेहरान बातचीत के अगले चरण में आगे नहीं बढ़ेगा। लेबनान में पूर्ण युद्धविराम भी ईराव का एक अहम मुद्दा है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले कहा था कि वह ईरान को इस बात पर राजी होना होगा कि वे न्यूक्लियर हथियार नहीं बनाएंगे। होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत खोल दिया जाना चाहिए। ये बिना कि बिना किसी टोल के खुलना चाहिए ताकि दोनों दिशाओं में जहाजों की आवाजाही बिना रोक-टोक हो सके।
डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा है – ईरान को इस बात पर सहमत होना होगा कि उसके पास कभी परमाणु हथियार या बम नहीं होगा।
होर्मुज स्ट्रेट को तुरंत खोल दिया जाना चाहिए और बिना शुल्क के जहाजों की आवाजाही होनी चाहिए।
अमेरिकी नाकाबंदी को हटाया जा रहा है, होर्मुज स्ट्रेट में फंसे जहाज अब अपने घरों को लौट सकते हैं।
ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले के बाद जमीन में दबी न्यूक्लियर डस्ट को अमेरिका बाहर निकालेगा।
ईरान और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के साथ मिलकर इस परमाणु सामग्री को नष्ट किया जाएगा।
ईरान के साथ ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन गई है। आखिरी फैसला लेने के लिए बैठक करने जा रहा हूं।
Home / News / होर्मुज स्ट्रेट और यूरेनियम पर ट्रंप के दावे को कुछ ही समय में ईरान ने नकारा, अब आगे क्या?
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website