Sunday , June 21 2026 6:59 PM
Home / News / ‘मैंने कुछ गलत नहीं सुना’, पवन खेड़ा के तंज पर बोले शशि थरूर; पीएम मोदी की जमकर की थी तारीफ

‘मैंने कुछ गलत नहीं सुना’, पवन खेड़ा के तंज पर बोले शशि थरूर; पीएम मोदी की जमकर की थी तारीफ


कांग्रेस सांसद शशि थरूर द्वारा पीएम मोदी की तारीफ किए जाने को लेकर पार्टी में ही घमासान छिड़ है। थरूर के बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कटाक्ष करते हुए कहा ‘पीएम मोदी के प्रति शशि थरूर की तारीफ अब भौतिक दुनिया की सीमाओं से भी आगे निकल गई है और वह अब वह बातें भी सुन लेते हैं जो प्रधानमंत्री ने कही ही नहीं।’ पवन खेड़ा के बयान पर शशि थरूर ने पलटवार करते हुए कहा सोशल मीडिया पर एक न्यूज वीडियो शेयर किया और कहा, मैं केवल उनके (पीएम मोदी) के बयानों के बारे में प्रकाशित रिपोर्टों का जिक्र कर रहा था।
पवन खेड़ा के तंज के बाद शनिवार रात शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर लिखा,’जो लोग यह मानते हैं कि मैंने प्रधानमंत्री मोदी के ऐसे शब्द सुन लिए जो उन्होंने कभी कहे ही नहीं, उन्हें यह समझना चाहिए कि मैं केवल व्यापक रूप से प्रकाशित रिपोर्टों का जिक्र कर रहा था।’ थरूर ने अपनी पोस्ट के साथ एक न्यूज वीडियो भी शेयर किया और कहा कि यदि कोई रिपोर्ट सुनना चाहता है तो उसे यह देखना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने गूगल जेमिनी द्वारा तैयार की गई एक रिपोर्ट भी शेयर की।
‘पीएम मोदी ने उठाया था नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा’ – शशि थरूर ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि जी-7 समिट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक समुद्री मार्गों की सुरक्षा और नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी उस घटना के बाद आई थी जिसमें कथित तौर पर ओमान की खाड़ी में व्यापारी जहाजों पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के दौरान तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी।
‘जो भी पढ़ते हैं याद रखते हैं’ – कांग्रेस सांसद ने कहा कि वह ‘रिसर्च करते हैं और जो पढ़ते हैं उसे याद रखते हैं।’ उन्होंने यह भी कहा कि अपने पूरे जीवन में उन पर कभी तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने या गलत तरीके से प्रस्तुत करने का आरोप नहीं लगा है। इसलिए वह अपने द्वारा दिए गए बयान पर कायम हैं।
पवन खेड़ा ने क्या कहा था? – नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, ‘मेरे सीनियर सहयोगी शशि थरूर की पीएम मोदी के लिए तारीफ अब भौतिक दुनिया की सीमाओं से भी आगे निकल गई लगती है। अब वे वह भी सुन पा रहे हैं जो मोदी ने कहा ही नहीं।’