Friday , May 1 2026 12:11 PM
Home / News / अमेरिका में लिखी गई ईरान के इस्लामिक शासन को गिराने की स्क्रिप्ट? प्रिंस ने बताया तख्‍तापलट का प्लान

अमेरिका में लिखी गई ईरान के इस्लामिक शासन को गिराने की स्क्रिप्ट? प्रिंस ने बताया तख्‍तापलट का प्लान


ईरान में महंगाई, बेरोजगारी के साथ साथ इस्लामिक सरकार के खिलाफ पिछले एक हफ्ते से भारी विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। ये विरोध प्रदर्शन देश के कई हिस्सों में फैल गया है। इस बीच ईरान के निर्वासित क्राउन प्रिंस रजा पहलवी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुले तौर पर धन्यवाद दिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान की इस्लामिक सरकार, प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाती है, तो अमेरिका बीच में आ जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखते हुए रजा पहलवी ने लिखा है कि “उनके पास एक “स्थिर बदलाव” की योजना है, अगर इस्लामिक रिपब्लिक शासन गिर जाता है और देश के लाखों नागरिक सड़कों पर उतर आते हैं।”
क्राउन प्रिंस ने डोनाल्ड ट्रंप को लेकर आगे कहा है कि “आपने इस्लामिक रिपब्लिक के आपराधिक नेताओं को जो चेतावनी दी है, उससे मेरे लोगों को ज्यादा ताक़त और उम्मीद मिली है, यह उम्मीद कि आखिरकार, यूनाइटेड स्टेट्स का कोई राष्ट्रपति मजबूती से उनके साथ खड़ा है।” ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा था कि अगर इस्लामिक रिपब्लिक “शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाता है और उन्हें हिंसक रूप से मारता है” तो अमेरिका ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों की “मदद के लिए आएगा” और ऐसी स्थिति में अमेरिका “पूरी तरह तैयार है।”