
नेपाल की सत्ताधारी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के प्रमुख रबि लामिछाने इस समय भारत दौरे पर हैं। उन्होंने बुधवार को दिल्ली में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। बैठक में दोनों नेता नेपाल-भारत संबंधों को नई दिशा देने पर सहमत हुए हैं। बॉर्डर विवाद के बीच लामिछाने को भारत में मिले सम्मान और नरेंद्र मोदी के साथ सकारात्मक बैठक से नेपाली मीडिया खुश है। नेपाली मीडिया ने संकेत दिया है कि लामिछाने की बैठक से पीएम बालेन शाह के भारत दौरे का रास्ता खुल सकता है।
द काठमांडू पोस्ट ने पीएम नरेंद्र मोदी और रबि लामिछाने की बैठक पर रिपोर्ट की है। यह बैठक एक घंटे से अधिक समय तक चली है। इस बैठक में लामिछाने ने मोदी से कहा कि उनकी पार्टी पर कोई राजनीतिक बोझ नहीं है। ऐसे में वह भारत के साथ संबंधों को एक नए तरीके से विकसित करना चाहते हैं।
सीमा विवाद पर चुप्पी! – बैठक में सीमा विवाद जैसे कुछ विवादास्पद मुद्दों पर चर्चा नहीं हुई। नेपाली प्रतिनिधि ने कहा कि हो सकता है भारतीय पक्ष ने निजी तौर पर अपनी चिंता व्यक्त की हो लेकिन ये मुद्दा औपचारिक चर्चा या सार्वजनिक ब्रीफिंग में शामिल नहीं हुआ। लामिछाने उन नेताओं में से हैं, जिनका भारत सरकार ने इतना भव्य स्वागत किया है। वह पीएम नरेंद्र मोदी समेत तमाम बड़े नेताओं से मिल रहे हैं।
पीएम मोदी ने मंगलवार को एक प्रमुख अखबार में प्रकाशित लामिछाने के लेख की जमकर सराहना की। इस लेख में उन्होंने नेपाल और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने के विचार पर चर्चा की है। भारत के विदेश मंत्री जयशंकर और गृह मंत्री शाह ने भी इस लेख और लामिछाने के द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने के प्रस्ताव की तारीफ की।
Home / News / India / ‘भारत के साथ संबंधों को नए सिरे से बनाएंगे’, लामिछाने के दिल्ली दौरे पर नेपाली मीडिया खुश, बालेन भी आ सकते हैं दिल्ली
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website