Monday , August 3 2026 5:19 AM
Home / Sports / हार सामने दिखी तो पाकिस्तानी चैनल ने खेल ही बदल दिया, महिला विश्व कप की जगह दिखाने लगा फीफा का मैच

हार सामने दिखी तो पाकिस्तानी चैनल ने खेल ही बदल दिया, महिला विश्व कप की जगह दिखाने लगा फीफा का मैच


भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में अपने सफर का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ किया है। भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से हराया। भारतीय टीम की जीत में सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के साथ ही विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष की विस्फोटक पारी का अहम रोल रहा। वहीं गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और श्री चरणी की जोड़ी ने बल्लेबाजों को चैन की सांस नहीं लेने दी।
पाकिस्तानी चैनल ने लाइव मैच हटाया – पाकिस्तान में पीटीवी के पास महिला टी20 विश्व कप के ब्रॉडकास्टर राइट हैं। इसी चैनल के पास फीफा विश्व कप के भी राइट्स हैं। पाकिस्तान की टीम जब हार की तरफ बढ़ने लगी तो पीटीवी इस मैच को हटाकर फीफा विश्व कप का मैच दिखाने लगा, जिसमें जर्मनी की टक्कर कुराकाओ से हो रही थी। सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है। पाकिस्तानी यूट्यूबर का एक वीडियो भी वायरल है।
ऋचा घोष की डेथ ओवर में विस्फोटक बैटिंग – महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारत के साथ ही पाकिस्तान का यह पहला मैच था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए। आखिरी दो ओवर में टीम ने 38 रन बनाए। इसमें ऋचा घोष का योगदान अहम था। उन्होंने 17 गेंदों पर 34 रनों की पारी खेली।। स्मृति मंधाना ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 68 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रनों का योगदान दिया।
दीप्ति शर्मा ने 10 रन देकर 5 विकेट झटके – 171 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन बनाकर सिमट गई। रनों के लिहाज से भारतीय टीम की यह महिला टी20 विश्व कप में पांचवीं सबसे बड़ी जीत है। 4 ओवर में 10 रन देकर दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट झटके। यह महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी भी भारतीय गेंदबाज का बेस्ट प्रदर्शन है। टी20 विश्व कप डेब्यू कर रहीं श्री चरणी को दो विकेट मिले।