Saturday , May 30 2026 2:45 AM
Home / News / मोहम्मद ओदेह कौन था, जिसे इजरायल ने गाजा में बनाया शिकार, 11 दिन में हमास के दूसरे मिलिट्री चीफ की मौत

मोहम्मद ओदेह कौन था, जिसे इजरायल ने गाजा में बनाया शिकार, 11 दिन में हमास के दूसरे मिलिट्री चीफ की मौत


इजरायल ने हमास के नए मिलिट्री चीफ मोहम्मद ओदेह को गाजा पट्टी में एक हवाई हमले में मार गिराने का दावा किया है। दो सप्ताह के अंदर यह समूह के दूसरे सैन्य प्रमुख का खात्मा है। इससे 11 दिन पहले इजरायल ने ओदेह के पूर्ववर्ती इज-अल-दीन अल-हद्दाद को मार दिया था। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने एक संयुक्त बयान जारी कर इस अभियान की जानकारी दी है।
हमास ने नहीं की मारे जाने की पुष्टि – गाजा की सिविल डिफेंस एकेडमी के अनुसार, इस हमले में पश्चिमी गाजा सिटी के रिमाल इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पूरी तरह तबाह हो गई। इस हमले में कम से कम 3 लोग मारे गए और 20 घायल हो गए। हमास ने इस हमले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। इजरायल ने भी ओदेह के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन हिब्रू मीडिया ने बताया कि हमला सफल रहा। इजरायली के सरकारी ब्रॉडकास्टर KAN ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि ओदेह मारा गया है।
कौन था मोहम्मद ओदेह? – प्रधानमंत्री नेतन्याहू और रक्षा मंत्री काट्ज ने संयुक्त बयान में बताया कि 7 अक्टूबर 2023 के हमले के दौरान ओदेह हमास की खुफिया एजेंसी का प्रमुख था। उसे पिछले सप्ताह ही इज-अल-दीन अल-हद्दाद की जगह गाजा पट्टी में आतंकी समूह का नेता और मिलिट्री चीफ नियुक्त किया गया था। अल-हद्दाद 15 मई को गाजा सिटी पर हुए हमले में मारा गया था।
सऊदी मीडिया आउटलेट अ-शर्क अल-अवसत के अनुसार, ओदेह अपने पूर्ववर्ती अल-हद्दाद का करीबी था। टाइम्स ऑफ इजरायल ने बताया कि सिनवार की हत्या के बाद ओदेह को अल-कासम ब्रिगेड की जिम्मेदारी के लिए संपर्क किया गया था, लेकिन उसने इनकार कर दिया था। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 7 अक्टूबर के हमले से पहले ओदेह को गाजा सीमा के पास IDF के ठिकानों और सेना के गाजा डिवीजन की कमजोरियों के बारे में खुफिया जानकारी जुटाने का काम सौंपा गया था।
इजरायल ने कई बार की मारने की कोशिश – ओदेह की उम्र 40 के दशक के आखिर या 50 के दशक की शुरुआत में बताई जाती है। गाजा में पले-बढ़े ओदेह पूरी जिंदगी हमास से जुड़ा रहा था। इजरायल ने पहले भी कई बार ओदेह को निशाना बनाया था, लेकिन वह हर बार बच निकले थे। इसमें साल 2025 में गाजा स्थित उनके पिता के घर पर किया गया हमला भी शामिल है। इसमें उनके बड़े बेटे अम्र की मौत हो गई थी।