Monday , June 15 2026 6:12 AM
Home / News / अमेरिका-ईरान समझौता आज होगा साइन? तेहरान का शरीफ-ट्रंप से अलग रुख, आगे बढ़ सकती है तारीख

अमेरिका-ईरान समझौता आज होगा साइन? तेहरान का शरीफ-ट्रंप से अलग रुख, आगे बढ़ सकती है तारीख


ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौता आज, रविवार को साइन हो सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मुख्य मध्यस्थ पाकिस्तान ने शनिवार को यह कहा है। ईरान ने भी माना है कि अमेरिका के साथ समझौते पर बातचीत अच्छे ढंग से आगे बढ़ी है लेकिन रविवार को डील होने की बात नहीं कही है। ईरान ने संकेत दिया है कि डील में ज्यादा समय लग सकता है। इससे रविवार को समझौता होने की बात मुश्किल नजर आ रही है। यानी डील पर दस्तखत होने में अभी कुछ दिन का समय लग सकता है।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि रविवार को समझौते पर हस्ताक्षर के तुरंत बाद होर्मुज जलडमरूमध्य सभी जहाजों के लिए पूरी तरह खुल जाएगा। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शनिवार को कहा कि 24 घंटे के भीतर समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। उन्होंने इशारा किया कि रविवार को दस्तखत हो सकते हैं।
इस डील पर कल साइन होने हैं और साइन होते ही होर्मुज जलडमरूमध्य सभी के लिए खुल जाएगा। ईरान के साथ हमारे रिश्ते पिछली सरकारों के मुकाबले बहुत अलग और बेहतर हैं। इस बार कोई पैसे का लेन-देन नहीं होगा। डोनाल्ड ट्रंप
ईरान ने दिए ज्यादा समय लगने के संकेत – ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सरकारी मीडिया में दिए बयान में कहा है कि हस्ताक्षर कल (रविवार) नहीं होंगे लेकिन आने वाले दिनों में समझौता ज्ञापन (MoU) को अंतिम रूप दिए जाने की पूरी संभावना है। इस्माइल ने कहा कि एमओयू पर बातचीत हो रही है, जिससका मकसद युद्ध खत्म करना है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बताया है कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता ज्ञापन डेढ़ से दो पेज और 14 पॉइंट वाला दस्तावेज है। इस पर दो महीने से ज्यादा समय तक दोनों पक्षों में बातचीत हुई है। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल और सैन्य नेतृत्व ने समझौते की हर लाइन की समीक्षा की है। अराघची ने बताया है कि समझौते के पहले और दूसरे चरण में क्या-क्या होगा।
समझौते का पहला पहला चरण – लेबनान सहित सभी मोर्चों पर युद्ध का औपचारिक अंत होगा।
कोई पक्ष नया युद्ध शुरू नहीं करेगा, इसका वादा किया जाएगा।
अमेरिका की ईरानी बंदरगाहों पर लगी नौसैनिक नाकेबंदी हटेगी।
ईरान की फ्रीज की गई संपत्ति को जारी करने का एक ढांचा बनेगा।
होर्मुज में 60 दिनों की अवधि की व्यवस्था MoU के तहत की जाएगी।
समझौते का दूसरा चरण – अंतिम समझौते की दिशा में 60 दिनों की बातचीत शामिल होगी।
बातचीत का मकसद परमाणु और यूरेनियम मुद्दे को सुलझाना होगा।
बातचीत में समझौता ज्ञापन में उठाए गए व्यापक मुद्दों पर चर्चा होगी।
अराघची ने कहा है कि मेमोरेंडम पर डिजिटल तरीके से दूर से ही हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसमें संयुक्त घोषणा से पहले दोनों पक्ष अलग-अलग हस्ताक्षर करेंगे। शुक्रवार को जारी अपने बयान में अराघची ने कहा है कि समझौते को अगले एक-दो दिनों में या कुछ दिनों के भीतर अंतिम रूप दिया जा सकता है।