Monday , June 29 2026 3:57 PM
Home / News / जापान के नए प्रधानमंत्री होंगे योशिदे सुगा, बीमार शिंजो आबे की लेंगे जगह

जापान के नए प्रधानमंत्री होंगे योशिदे सुगा, बीमार शिंजो आबे की लेंगे जगह


जापान के अगले प्रधानमंत्री योशिदे सुगा होंगे। सूगा निर्वतमान प्रधानमंत्री शिंजो आबे की जगह लेंगे। सुगा ने लंबे समय से शिंजो आबे के साथ काम किया है। जापान में सत्‍तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेतृत्‍व के चुनाव में योशिदे सुगा को जीत मिली है। आबे के कार्यकाल के दौरान 71 साल के सूगा कई महत्‍वपूर्ण पद संभाल चुके हैं।

लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्य योशिदे सुगा पार्टी में किसी गुट से संबद्ध नहीं रहे हैं। उन्हें ऐसे व्यक्ति के तौर पर देखा जा रहा है जो आबे की नीतियों को आगे बढ़ा सकते हैं। इनमें अमेरिका के साथ जापान का सुरक्षा गठबंधन, कोरोना वायरस महामारी से निपटना और अर्थव्यवस्था को मजबूत करना आदि शामिल है। आबे के बाद की सरकार की अहम नीतियों के बारे में पूछे जाने पर सूगा ने इस बात का जिक्र किया कि कोरोना वायरस महामारी से निपटना सबसे बड़ी चुनौती होगी। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने स्वास्थ्य कारणों को लेकर कुछ ही दिन पहले पद से इस्तीफा दे दिया था।
जापान के लंबे समय तक मुख्य कैबिनेट सचिव रहे हैं सुगा
मृदुभाषी योशिदे सुगा, जापान में सबसे लंबे समय तक मुख्य कैबिनेट सचिव रहे हैं। वह आबे के नीति समन्वयक एवं सलाहकार रहे हैं। वह प्रधानमंत्री कार्यालय की केंद्रीकृत शक्तियों की धुरी रहे हैं, जिसने नौकराशाहों पर नीतियां लागू करने के लिये जोर दिया। उल्लेखनीय है कि सुगा को अपनी द्वेषपूर्ण प्रतिक्रिया के कारण पिछले साल विरोध प्रदर्शनों का भी सामना करना पड़ा था। दरअसल, एक अखबार के संवाददाता ने आबे की नीतियों की आलोचना पर उनसे कड़े सवाल पूछ दिये थे।