
चीन में भारी बारिश की वजह से 30 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान से ऊपर हैं और बाढ़ जैसे हालात हैं। खराब मौसम को देखते हुए देश में हाई अलर्ट जारी किया गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत मध्य चीन के हेनान प्रांत के शहरों में है। अचानक आई बाढ़ ने काफी मुश्किलें पैदा कर दी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, नानयांग शहर की सीमा के भीतर दाफेंगयिंग में एक ही दिन में 606.7 मिमी (24 इंच) की बारिश दर्ज की गई। समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, उत्तरी चीन के शानक्सी प्रांत में भारी बारिश के चलते शुक्रवार रात करीब 8:40 बजे एक पुल ढहने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई ।
शनिवार सुबह 10 बजे तक बचाव अभियान में 5 वाहन बरामद कर लिए गए जबकि बाकी लोगों की तलाश की जा रही है। सरकारी टेलीविजन पर तस्वीरों में पुल का आंशिक रूप से डूबा हुआ हिस्सा दिखाई दे रहा है, जिसके ऊपर से नदी बह रही है। बता दें कि उत्तरी और मध्य चीन के बड़े हिस्से में मंगलवार से भारी बारिश हो रही है, जिससे बाढ़ और काफी नुकसान हुआ है। शुक्रवार को सरकारी मीडिया ने बताया कि शानक्सी के बाओजी शहर में बारिश की वजह से बाढ़ और भूस्खलन के बाद कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और आठ लापता हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website