Wednesday , March 4 2026 8:36 PM
Home / Uncategorized / राहुल गांधी की इच्छा और 450 km दूर से लाई गई बुलेट, जानिए राहुल-तेजस्वी ने किसकी बाइक चलाई

राहुल गांधी की इच्छा और 450 km दूर से लाई गई बुलेट, जानिए राहुल-तेजस्वी ने किसकी बाइक चलाई


पूर्णिया में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने वोटर अधिकार यात्रा की। राहुल गांधी ने बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार के साथ बुलेट की सवारी की। तेजस्वी यादव भी बुलेट पर सवार हुए। इन नेताओं ने पश्चिम चंपारण से लाई गयी बुलेट पर 22 किलोमीटर तक यात्रा की। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने गौरा से गढ़बनैली तक बुलेट चलाई।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को पूर्णिया में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की। इस यात्रा में दोनों नेता अलग-अलग बुलेट पर सवार हुए। राहुल गांधी ने बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार के साथ बुलेट की सवारी की। वहीं तेजस्वी यादव दूसरी बुलेट चलाते नजर आए। खुश्कीबाग चौक से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जीप से उतरकर बुलेट बाइक पर सवार हुए थे। दोनों ने बुलेट से 22 किलोमीटर की दूरी तय की। वोटर अधिकार यात्रा के एक दिन पहले राहुल गांधी ने बुलेट से रैली निकालने की इच्छा जताई थी। जिस पर अमल करते हुए बुलेट का इंतजाम किया गया। आइए आपको बताते हैं राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने किसकी बुलेट चलाई….
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने किसकी बुलेट चलाई? – राहुल गांधी ने बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार के साथ और तेजस्वी यादव ने राजद नेता मु. जिशान के साथ बुलेट की सवारी की। राहुल गांधी जिस बुलेट (BR 22 BQ 4709) पर बैठे थे, वह मु. नौशीन के नाम से पश्चिम चंपारण में 29 जुलाई 2025 को खरीदी गई और 4 अगस्त 2025 को रजिस्टर्ड हुई थी। वहीं तेजस्वी यादव जिस बुलेट (BR 22 8M 0606) पर बैठे थे, वह मुहम्मद जिशान जुल्फकार के नाम से 26 नवंबर 2024 को खरीदी गई और 27 नवंबर 2024 को रजिस्टर्ड हुई। बता दें, पूर्णिया और पश्चिम चंपारण के बीच की दूरी करीब 450 किमी से ज्यादा है।
पूर्णिया में 45 किमी का सफर, आधा जीप से तो आधा बुलेट से किया तय – रविवार की सुबह पूर्णिया सदर प्रखंड के गौरा मोड़ से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोटर अधिकार यात्रा शुरू की। आसमान में बादल छाए हुए थे और हल्की बारिश हो रही थी। विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, वामदल के नेता दीपांकर भट्टाचार्य और वीआईपी नेता मुकेश सहनी भी उनके साथ थे। इस यात्रा में उन्होंने जिले में 45 किलोमीटर की दूरी तय की। आधा सफर उन्होंने जीप में बैठकर किया और आधी दूरी बुलेट पर सवार होकर तय की। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का बुलेट पर सफर करना पूर्णिया में पूरे दिन चर्चा में बना रहा।