Thursday , October 1 2026 2:12 PM
Home / Uncategorized / ऑपरेशन सिंदूर में हार….पृथ्वीराज चव्हाण के बयान पर बीजेपी बोली सेना का अपमान करना कांग्रेस पार्टी की पहचान

ऑपरेशन सिंदूर में हार….पृथ्वीराज चव्हाण के बयान पर बीजेपी बोली सेना का अपमान करना कांग्रेस पार्टी की पहचान

पृथ्वीराज चव्हाण के बयान को लेकर बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर सेना का अपमान करने का आरोप लगाया है। बीजेपी ने कहा कि सशस्त्र बलों के शौर्य का अपमान करने का किसी को अधिकार नहीं है।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण के उस बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के पहले ही दिन भारत की हार हो गई थी। इस बयान को लेकर बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर सेना का अपमान करने का आरोप लगाया है।
सेना का अपमान करना कांग्रेस पार्टी की पहचान – न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, ‘सेना का अपमान करना कांग्रेस पार्टी की पहचान बन गया है। यह सिर्फ पृथ्वीराज चव्हाण का बयान नहीं है, राहुल गांधी भी इस तरह के बयान पहले दे चुके हैं। ऐसे बयान राहुल गांधी की सोच को दिखाते हैं, इसी वजह से कांग्रेस पार्टी अपने नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती। यह बयान कांग्रेस की सेना-विरोधी मानसिकता को उजागर करते हैं।’
गिरिराज सिंह और ब्रिज लाल की तीखी प्रतिक्रिया – वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि सशस्त्र बलों के शौर्य का अपमान करने का किसी को अधिकार नहीं है। जो ऐसा करता है, वह देशहित के बारे में सोच ही नहीं सकता। कांग्रेस की आदत बन गई है कि वह सेना का अपमान करे। बीजेपी सांसद ब्रिज लाल ने भी पृथ्वीराज चव्हाण के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा पाकिस्तान समर्थक रही है। इस पार्टी ने हमेशा देश का अपमान किया है। राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, भारत को बदनाम करते हैं। पूरा देश यह सब देख रहा है और जनता कांग्रेस को इसका जवाब देगी।