Thursday , March 12 2026 7:11 AM
Home / Uncategorized / मोबाइल रिचार्ज खत्म होने पर इनकमिंग बंद होना सरासर मनमानी… राघव चड्ढा ने संसद में कर दी 3 बड़ी मांग

मोबाइल रिचार्ज खत्म होने पर इनकमिंग बंद होना सरासर मनमानी… राघव चड्ढा ने संसद में कर दी 3 बड़ी मांग


आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने संसद के उच्च सदन में मोबाइल फोन उपभोक्ताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि TRAI का डेटा बताता है कि देश में 125 करोड़ मोबाइल उपभोक्ता हैं। इनमें से 90 फीसदी प्रीपेड मोबाइल यूजर्स हैं। मैं प्री-पेड मोबाइल यूजर्स की ओर से दो बड़ी समस्याएं उठाना चाहता हूं। इसमें पहली समस्या है कि रिचार्ज खत्म होने पर आउटगोइंग कॉल के साथ इनकमिंग कॉल का बंद होना।
राघव चड्ढा बोले- आउट गोइंग बंद होना समझ आता है लेकिन… – राघव चड्ढा ने राज्यसभा में इस मुद्दे को उठाया और कहा कि जब प्रीपेड प्लान एक्स्पायर होता है या रिचार्ज की वैलिडिटी खत्म होती है तो आपकी आवाज बंद कर दी जाती है। ऐसे में फोन मेरा, सिम कार्ड मेरा और नंबर मेरा तो रिचार्ज खत्म होने पर आउटगोइंग बंद होना तो समझ आता है लेकिन इनकमिंग कॉल बंद होना सरासर मनमानी है।
‘मोबाइल नंबर हमारी डिजिटल पहचान’ – AAP सांसद ने कहा कि हमारा मोबाइल नंबर हमारी डिजिटल पहचान बन चुका है। ये बेहद इसेंशियल है, जैसे बैकिंग, यूपीआई पेमेंट, ट्रेन टिकट ओटीपी, पैन-आधार ऑथेंटिकेशन, इंटरव्यू का कॉल, हॉस्पिटल की कॉल, मां-बाप की कॉल, ये सब इनकमिंग कॉल और इनकमिंग एसएमएस से आती है। ये सब इसलिए बंद हो जाता है क्योंकि इंसान एक रिचार्ज कराना भूल गया।
‘इनकमिंग बंद करना, हमारे राइट टू कम्यूनिकेशन को स्टॉप करना है’ – आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि इनकमिंग कॉल को बंद करना केवल सर्विस को स्टॉप करना नहीं है। ये हमारे राइट टू कम्यूनिकेशन को स्टॉप करना है। जैसे आपका आधार कार्ड इसलिए एक्स्पायर नहीं होता क्योंकि आपने डिटेल नहीं भरी, या आपका बैंक खाता इसलिए बंद नहीं होता क्योंकि आपने मंथली डिपॉजिट नहीं भरा। आपका वोटर आईडी इसलिए सस्पेंड नहीं हो जाता क्योंकि आप एक चुनाव में वोट करना भूल गए। उसी तरह आपका मोबाइल नंबर इसलिए सस्पेंड या डिएक्टिवेट नहीं होना चाहिए क्योंकि आपने रिचार्ज नहीं कराया है।
राघव चड्ढा ने कहा कि मैं सदन में फ्री आउटगोइंग की मांग नहीं कर रहा, फ्री डेटा की मांग नहीं कर रहा। लेकिन इनकमिंग कॉल फैसिलिटी की गारंटी होनी चाहिए। आप सांसद ने सदन में कहा कि मेरी तीन अहम मांग है-
प्रीपेड मोबाइल कनेक्शन में इनकमिंग कॉल और इनकमिंग एसएमएस कम से कम एक साल तक लगातार चलता रहे। ये नंबर के आखिरी रिचॉर्ज से होना चाहिए।
कोई भी मोबाइल नंबर तीन साल बाद डिएक्टिवेट होना चाहिए। ऐसा न हो कि आपका मोबाइल नंबर करके किसी और अलॉट कर दिया जाए। इसके लिए कम से कम 3 साल का ग्रेस पीरियड देना चाहिए।
मोबाइल ऑपरेटर्स की ओर से इनकमिंग के लिए कम कीमत में रिचार्ज की सुविधा होनी चाहिए। जिससे इनकमिंग कॉल-एसएमएस की सुविधा लोगों को मिलती रहे।