Sunday , March 15 2026 11:53 PM
Home / News / स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान का बड़ा ऐलान, अमेरिका-इजरायल के अलावा किसी देश के जहाज पर नहीं होगा हमला

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान का बड़ा ऐलान, अमेरिका-इजरायल के अलावा किसी देश के जहाज पर नहीं होगा हमला


ईरान ने कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दुनिया के लिए बंद नहीं किया गया है। इस समुद्री गलियारे में सिर्फ इजरायल और अमेरिका के जहाजों को रोका जाएगा क्योंकि इन देशों ने ईरान पर हमला किया है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अपने एक बयान में यह बात कही है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब इस महत्वपूर्ण समुद्री गलियारे में बड़ी संख्या में जहाज फंसे हुए हैं। इसके चलते दुनिया के बड़े हिस्से में उर्जा संकट पैदा हो रहा है।
अब्बास अराघची ने शनिवार को एमएस नाऊ से बातचीत में कहा, ‘हकीकत यह है कि होर्मुज जलडमरूमध्य खुला हुआ है। अमेरिका और इजरायल को छोड़कर बाकी सभी देशों के जहाज इस जलमार्ग से गुजर सकते हैं। यह सिर्फ हमारे दुश्मनों और सहयोगियों के टैंकरों और जहाजों के लिए बंद है जो हम पर हमला कर रहे हैं। बाकी सभी लोग यहां से गुजरने के लिए आजाद हैं।’
ट्रंप के सुरक्षा देने के दावे पर तंज – अराघची ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे का भी मजाक उड़ाया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को किसी भी कीमत पर खोला जाएगा। अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका की जिस सुरक्षा-छतरी का गुणगान किया जाता था, वह अब पूरी तरह से छेद वाली साबित हो रही है।
अब्बास ने कहा कि अमेरिका की सुरक्षा छतरी यह मुसीबतों को रोकने के बजाय उन्हें न्योता दे रही है। अब अमेरिका को चीन से गुहार लगानी पड़ रही है कि वे होर्मुज को सुरक्षित बनाने में मदद करें। ईरान अपने पड़ोसियों आह्वान करता है कि वे विदेशी हमलावरों को बाहर निकाल फेंकें क्योंकि उनकी चिंता सिर्फ इजरायल है।
डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा है – अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट को हर हाल में ईरान के ‘खतरे’ से मुक्त कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से प्रभावित देश इसे सुरक्षित रखने के लिए अपने जंगी जहाज भेजेंगे। ट्रंप ने चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया, यूके से जंगी जहाज भेजने की अपील की है।
होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और ओमान के प्रायद्वीप के बीच स्थित समुद्री गलियारा है, जो सिर्फ 54 किलोमीटर चौड़ा है। ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद से इस जलडमरुमध्य में समुद्री यातायात तकरीबन ठप हो गया है। इससे दुनिया के कई देशों में उर्जा संकट है और तेल की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं।