Wednesday , April 22 2026 3:13 AM
Home / Uncategorized / भारत आ रहा 7वां LPG टैंकर, ईरान ने पहुंचाया स्पेशल मैसेज, गुजरात के शानदार इतिहास का जिक्र

भारत आ रहा 7वां LPG टैंकर, ईरान ने पहुंचाया स्पेशल मैसेज, गुजरात के शानदार इतिहास का जिक्र


ईरान-इजरायल जंग के बीच जब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज ब्लॉक पड़ा है। ऐसे में LPG लेकर आ रहा भारत का 7वां टैंकर इस कठिन रास्ते से गुजर चुका है। इस टैंकर का नाम ‘ग्रीन सांवरी’ है। ये LPG टैंकर जब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरा तो ईरान ने भारत के लिए एक खास मैसेज जारी किया। बता दें कि ‘ग्रीन सांवी’ जहाज 46,650 मीट्रिक टन LPG लेकर एक अहम समुद्री मार्ग (shipping chokepoint) को पार करने के बाद भारत लौट रहा है।
गुजरात की ईरान के साझा इतिहास में खास जगह – सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में मुंबई में स्थित ईरानी दूतावास ने कहा कि भारत और विशेष रूप से गुजरात हमारे साझा इतिहास में एक ‘खास जगह’ रखता है। दूतावास ने गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के एक पोस्ट को शेयर करते हुए जवाब दिया। संघवी ने LPG टैंकर के सुरक्षित गुजरने को भारत की कूटनीति जीत बताया था।
ईरान से आए लोगों का किया था स्वागत-सत्कार – भारत, और विशेष रूप से गुजरात, हमारे साझा इतिहास में एक विशेष स्थान रखते हैं। सदियों पहले उन्होंने हमारे देश से आए लोगों का बड़े ही आदर-सत्कार के साथ स्वागत किया था।
ईरान ने दिया प्राचीन बंदरगाह लोथल का संदर्भ – बताया जा रहा है कि ईरान ने जिस इतिहास की बात कही है, वह संभवतः गुजरात में स्थित प्राचीन बंदरगाह लोथल का संदर्भ है, जिसने लगभग 4,000 साल पहले सिंधु घाटी के शहरों को फारसी तट से जोड़ा था। ईरान ने आगे कहा कि इस मजबूत और पुराने सभ्यतागत रिश्ते को आधार बनाते हुए, हम दोस्ती और सहयोग के संबंधों को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे हैं 17 भारतीय जहाज – बता दें कि इससे पहले अब तक LPG ले जाने वाले 6 जहाज होर्मुज को पार करके भारतीय बंदरगाहों तक पहुंच चुके हैं। इस मार्ग से दुनिया की कुल तेल जरूरतों का पांचवां हिस्सा सप्लाई होता है। इस जलडमरूमध्य के पश्चिम में लगभग 17 भारतीय जहाज फंसे हुए हैं। इस अहम जलमार्ग के प्रभावी रूप से बंद हो जाने के कारण वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है, जो फिलहाल $100 प्रति बैरल के आस-पास बना हुआ है।