
ईरान ने कहा है कि विदेश मंत्री अब्बास अराघची की इस्लामाबाद यात्रा के दौरान अमेरिका के साथ बातचीत की कोई योजना नहीं है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने यह जानकारी दी है। ईरान का यह बयान ऐसे समय में आया है जब शुक्रवार-शनिवार की रात अब्बास अराघची के नेतृत्व में ईरान का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तानी नेताओं के बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुंचा है। बाघेई ने साफ कहा कि इस यात्रा के दौरान ईरान और अमेरिका के बीच कोई सीधी बैठक तय नहीं है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में बाघेई ने लिखा, “हम एक आधिकारिक यात्रा के लिए पाकिस्तान के इस्लामाबाद पहुंचे हैं। विदेश मंत्री अराघची पाकिस्तानी उच्च-स्तरीय अधिकारियों से मुलाकात करेंगे, जो अमेरिका द्वारा थोपे गए आक्रामक युद्ध को समाप्त करने और हमारे क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए चल रहे मध्यस्थता और सद्भावना प्रयासों के तहत होगी।”
अमेरिका के साथ बातचीत से इनकार – उन्होंने आगे लिखा, “ईरान और अमेरिका के बीच किसी बैठक की योजना नहीं है। ईरान के ऑबर्जवेशन पाकिस्तान को बताए जाएंगे।” पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी विदेश मंत्री शुक्रवार देर रात इस्लामाबाद पहुंचे। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने एक्स पर उनके पहुंचने की जानकारी दी, जिसमें वह फील्ड मार्शल असीम मुनीर और गृह मंत्री मोहसिन नकवी के साथ ईरानी डेलीगेशन का स्वागत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई भी डेलीगेशन के साथ हैं।
अधिकारियों का कहना है कि इस दौरे पर अराघची के पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख असीम मुनीर से मिलने की उम्मीद है। ईरानी विदेश मंत्री इसके बाद ओमान की राजधानी मस्कट और मॉस्को भी जाएंगे। अराघची का इस्लामाबाद दौरा वाइट हाउस की उस घोषणा के बाद हो रहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने दामाद जेरेड कुशनर और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ को पाकिस्तान भेजेंगे, जो बातचीत के लिए नए सिरे से कोशिश का इशारा है।
ट्रंप बोले- ईरान तैयार कर रहा नया प्रस्ताव – हालांकि, अभी तक कुछ साफ नहीं है लेकिन पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा है कि बातचीत का दूसरा दौर कराने के प्रयास जारी हैं। इस्लामाबाद दोनों पक्षों को बातचीत की मेज पर वापस लाने के लिए पर्दे के पीछे चुपचाप काम कर रहा है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका की मांगों को पूरा करने के लिए ईरान एक प्रस्ताव तैयार कर रहा है। ट्रंप ने रॉयटर्स को बताया, वे एक प्रस्ताव पेश कर रहे हैं और हमें देखना होगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि प्रस्ताव की विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिली है।
Home / Uncategorized / ‘अमेरिका के साथ पाकिस्तान में कोई बातचीत नहीं’, अराघची के इस्लामाबाद पहुंचते ही आया ईरान का बयान
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website