
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। यह शख्स कॉक्स बाजार में एक मंदिर के पुजारी था, जिसका शव पेड़ से लटका मिला है। संदेह है कि हत्या करने के बाद उसे पेड़ से लटकाया गया है। इस घटना से हिंदुओं में गुस्सा देखा जा रहा है। बांग्लादेशी अल्पसंख्यकों के समूह ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश में अपने घर से लापता होने के तीन दिन बाद हिंदू मंदिर के रखवाले का शव पेड़ से लटका मिला। समूह ने इस घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद (BHBCUC) ने शनिवार देर रात अपने बयान में बताया कि चट्टोग्राम जिले के स्थानीय उपजिला के दोहजारी इलाके का रहने वाला 40 वर्षीय नयन साधु कॉक्स बाजार सदर उपजिला के खुरुशकुल यूनियन में स्थित एक शिवकाली मंदिर में रखवाले और पुजारी के तौर पर सेवा दे रहा था। नयन की मौत इस हफ्ते संदिग्ध परिस्थिति में हो गई है।
नयन को ले गए थे कुछ लोग – कॉक्स बाजार इलाके के पुलिस और निवासियों के अनुसार, 19 अप्रैल की शाम को कुछ लोग नयन को ले गए थे। इसके तीन दिन बाद गांव के बाहर पहाड़ी क्षेत्र में उसका शव पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस अभी इस मामले पर कुछ कहने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने जांच के बाद स्थिति साफ होने की बात कही है। दूसरी और अल्पसंख्यकों में इस घटना पर भारी गुस्सा देखा जा रहा है।
बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों के साथ खराब बर्ताव और हिंसा से जुड़ी रिपोर्ट लगतार सामने आती रही हैं। देश में बीते दो सालों में, खासतौर से मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के समय हिंदुओं और दूसरे माइनॉरिटी ग्रुप के खिलाफ हिंसा की घटनाएं बढ़ गई थीं। कॉक्स बाजार में एक बार फिर हिंदू की हत्या का आरोप लगा है लेकिन अभी इसमें किसी सांप्रदायिक एंगल की पुष्टि नहीं हो सकी है।
बीते साल भड़की थी हिंसा – बांग्लादेश में बीते साल दिसंबर में युवा नेता और इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद अल्पसंख्यकों पर हमलों का एक सिलसिला देखा गया था। इसी दौरान हिंदू युवक दीपू दास की बर्बर तरीके से हत्या कर दी गई थी। भीड़ के हाथों दीपू दास की मॉब लिंचिंग के मामले ना सिर्फ बांग्लादेश बल्कि भारत और दुनियाभर में चर्चा में रहा था। इस मामले पर ढाका को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website