
पाकिस्तान की सेना ने मंगलवार को फतह-II मिसाइल सिस्टम का सफल लॉन्च किया है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग की ओर से जारी बयान में इसकी जानकारी दी गई है। सेना ने कहा है कि मिसाइल उन्होंने अपने देश में बनाई है और यह आधुनिक एवियोनिक्स और आधुनिक नेविगेशनल उपकरणों से लैस है। पाकिस्तान की यह वही मिसाइल है, जिसका इस्तेमाल उसने भारत के खिलाफ बीते साल मई की चार दिन की लड़ाई में किया था। उस वक्त यह मिसाइल कोई नुकसान नहीं कर पाई थी, ऐसे में पाकिस्तान इसकी ताकत बढ़ाने में जुटा है।
पाकिस्तान की सेना ने मंगलवार को कहा कि यह ट्रेनिंग लॉन्च आर्मी रॉकेट फोर्स कमांड ने किया है। पाकिस्तान ने पिछले साल अगस्त में मिसाइल और रॉकेट क्षमताओं को एक ही ढांचे के तहत लाने के लिए इस यूनिट का गठन किया है। मिसाइल लॉन्च को सेना के स्ट्रेटेजिक प्लान्स डिवीजन, पाकिस्तान सेना के वरिष्ठ अधिकारी और स्ट्रेटेजिक ऑर्गेनाइजेशन यूनिट के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने देखा है।
पाकिस्तान ने दिल्ली पर चलाई थी फतह-2 – पाकिस्तान बीते कुछ महीनों से नियमित रूप से मिसाइलों और दूसरे हथियारों का परीक्षण कर रहा है। आमतौर पर पाकिस्तान के इन परीक्षणों का मकसद भारत के सैन्य ठिकानों या रणनीतिक बुनियादी ढांचे तक पहुंच का रहता है। बीते साल मई में पाकिस्तान ने भारत से झटका खाने के बाद खासतौर से अपने मिसाइल परीक्षण बढ़ा दिए हैं।
बीते साल मई में पाकिस्तान ने दिल्ली की ओर ‘फतह-II’ मिसाइल दागी थी। हालांकि इससे कोई नुकसान नहीं हुआ और इसे सफलतापूर्वक रोक लिया गया। हरियाणा के ऊपर इस मिसाइल को हवा में मार गिराया गया, इससे पहले कि वह अपने संभावित लक्ष्य तक पहुंचती। भारत ने ‘बराक-8’ के जरिए इस मिसाइल को रोका था। ऐसा लगता है कि पाकिस्तान अब इस मिसाइल को और ताकतवर बनाना चाहता है।
Home / Uncategorized / दिल्ली पर हमले में हुई फेल फतह-II की ताकत बढ़ाने में जुटा पाकिस्तान, किया सफल टेस्ट, जानें ताकत
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website