Thursday , June 4 2026 6:26 AM
Home / Uncategorized / रिश्तों की बर्फ पिघलेगी? महीनों बाद एक मंच पर दिख सकते हैं मोदी और ट्रंप

रिश्तों की बर्फ पिघलेगी? महीनों बाद एक मंच पर दिख सकते हैं मोदी और ट्रंप


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच अगले सप्ताह होने वाले G7 शिखर सम्मेलन में मुलाकात की संभावना बन रही है। फ्रांस की मेजबानी में 15 से 17 जून तक आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में दोनों नेताओं की मौजूदगी की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि, दोनों देशों की ओर से अब तक औपचारिक द्विपक्षीय बैठक तय नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार भारत और अमेरिका सम्मेलन के इतर मोदी-ट्रंप की मुलाकात की संभावनाएं तलाश रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों समेत अन्य G7 नेताओं के साथ भी अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें होने की उम्मीद है। ऐसे में G7 सम्मेलन वैश्विक कूटनीति का अहम मंच बनने जा रहा है।
फरवरी 2025 के बाद नहीं हुई दोनों नेताओं की मुलाकात – मोदी और ट्रंप की आखिरी मुलाकात फरवरी 2025 में प्रधानमंत्री के अमेरिका दौरे के दौरान हुई थी। इसके बाद व्यापार, भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद और ट्रंप के भारत-पाकिस्तान तनाव को लेकर दिए गए बयानों जैसे मुद्दों पर दोनों देशों के संबंधों में कुछ खटास देखी गई। इन मतभेदों ने द्विपक्षीय रिश्तों को प्रभावित किया था।
रूबियो के दौरे से रिश्तों में आई गर्माहट – हाल के महीनों में दोनों देशों के संबंधों में सुधार के संकेत मिले हैं। पिछले महीने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के भारत दौरे के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका आने का निमंत्रण दिया था। हालांकि भारत ने अब तक सार्वजनिक रूप से यह नहीं बताया है कि प्रधानमंत्री ने इस निमंत्रण को स्वीकार किया है या नहीं।
व्यापार समझौते और G20 पर भी नजर – भारत और अमेरिका इस समय द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत कर रहे हैं, जिस पर पिछले एक साल से चर्चा चल रही है। वहीं प्रधानमंत्री मोदी के दिसंबर में फ्लोरिडा में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन में भी शामिल होने की संभावना है। ऐसे में G7 सम्मेलन दोनों नेताओं के बीच भविष्य की कूटनीतिक दिशा तय करने में अहम साबित हो सकता है।