Wednesday , August 26 2026 5:43 PM
Home / Uncategorized / अमेरिका पहले रवैया सुधारे, तेहरान पहुंचे मुनीर को ईरान की दो-टूक, ट्रंप के मंत्री बोले- फिर हो सकता है हमला

अमेरिका पहले रवैया सुधारे, तेहरान पहुंचे मुनीर को ईरान की दो-टूक, ट्रंप के मंत्री बोले- फिर हो सकता है हमला


ईरान ने मध्यस्थ पाकिस्तान के सामने अमेरिका के रवैये पर सवाल उठाए हैं। तेहरान में पाकिस्तान आर्मी चीफ असीम मुनीर से मुलाकात में ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा है कि अमेरिका का तरीका चीजों को सुलझाने का नहीं है। अगर अमेरिका चाहता है कि युद्ध खत्म हो और चीजें बेहतरी की तरफ जाएं तो उसे ईरान के प्रति अपना नजरिया बदलना होगा। मसूद ने मुनीर से साफ कहा कि अमेरिका की दादागिरी से ईरान झुकने वाला नहीं है। दूसरी ओर अमेरिकी रक्षा मंत्री ने नए आर्थिक प्रतिबंधों के साथ-साथ ईरान पर सैन्य हमले का विकल्प खुला होने की बात कही है।
पेजेश्कियान ने सोमवार को तेहरान में मुनीर के साथ बैठक के दौरान ये बातें कहीं हैं। मुनीर ऐसे समय में ईरानी अधिकारियों से बातचीत के लिए ईरान पहुंचे हैं, जब अमेरिका के नए आर्थिक प्रतिबंधों के चलते इलाके में तनाव बढ़ा हुआ है। अमेरिका आर्थिक हमलों से ईरान को झुकाने की बात कह रहा है। वहीं ईरान का कहना है कि वह अपनी शर्तों से पीछे हटने वाला नहीं है।
अमेरिका को ईरान के साथ बातचीत में अपना लहजा और नजरिया सुधारना होगा। ट्रंप प्रशासन के दबाव और दादागिरी पर निर्भर रहने से MoU लागू करने की प्रक्रियाएं और मुश्किल हो जाएंगी। मसूद पेजेश्कियान
हमें समझौते की उम्मीद: मसूद – मसूद ने मुनीर से बातचीत में उम्मीद जताई कि ईरान और पाकिस्तान के बीच लगातार सहयोग से 14-सूत्रीय समझौता ज्ञापन (MoU) में तय लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शांति के लिए वॉशिंगटन को अंतरराष्ट्रीय कानूनों और मानकों के आधार पर ईरान के साथ किए गए अपने वादों का पालन करना चाहिए।
मसूद पेजेश्कियान ने कहा कि अमेरिका की ओर से ईरान को झुकाने की कोशिश हो रही है और धमकियां दी जा रही हैं। ईरानी लोग राष्ट्रीय एकजुटता के दम पर इस दबाव का सामना करेगा, जैसा वह वर्षों से कर रहे हैं। हम अमेरिका और अपने विरोधियों को बताना चाहते हैं कि ईरान एकजुटता के दम पर किसी भी दबाव और खतरे से पार पा लेगा।
इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान इस्लामी देशों और पड़ोसियों के साथ आर्थिक, राजनीतिक और सुरक्षा के मामलों में किसी भी तरह के सहयोग और बातचीत के लिए तैयार है क्योंकि पैगंबर ने हमेशा शांति और दोस्ती का संदेश दिया है। मसूद पेजेश्कियान
क्षेत्रीय सहयोग पर जोर – पेजेश्कियान ने मुनीर के साथ बैठक के दौरान स्थायी शांति और सुरक्षा की जरूरत पर जोर दिया और क्षेत्रीय सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस्लामी देशों की एकता और एकजुटता इजरायल और इस्लाम के दुश्मनों की साजिशों के खिलाफ सबसे अहम रोक है। यह एकजुटता हासिल हो जाती है तो दुश्मन अपने बुरे मकसद पूरे नहीं कर पाएंगे।
ईरानी राष्ट्रपति की वेबसाइट के अनुसार, असीम मुनीर ने क्षेत्रीय स्थिरता और शांति स्थापित करने की दिशा में पेजेश्कियान की कोशिशों के लिए उनको शुक्रिया कहा। मुनीर ने कहा कि साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने और एक व्यापक समझौता हासिल करने के लिए यह जरूरी है कि कूटनीतिक प्रक्रियाओं पर पूरी सटीकता और बारीकी से चर्चा और जांच की जाए।
अमेरिका की ईरान को धमकी – अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सोमवार को एक बयान में कहा है कि ट्रंप प्रशासन ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम होर्मुज जलडमरूमध्य या ईरान के आसपास कहीं भी सैन्य हमले (काइनेटिक स्ट्राइक) करने के विकल्प को खारिज नहीं कर रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि ईरान, अमेरिका के आर्थिक दबाव का सामना नहीं कर पाएगा।