
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि वह अटलांटिक महासागर का नाम बदलने वाले थे, लेकिन गूगल CEO सुंदर पिचाई की चेतावनी के बाद यह आइडिया ड्रॉप कर दिया। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अटलांटिक का नाम बदलने पर विचार किया था, लेकिन पिचाई ने उन्हें बताया कि इसके कई देश नाराज हो सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि इसके बाद उन्होंने यह विचार छोड़ दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने साउथ कैरोलिना में एक रैली को संबोधित करते हुए इस बारे में खुलासा किया।
अटलांटिक का नाम बदलने का विचार – ट्रंप ने कहा कि ‘लेक ओंटारियो’ का नाम बदलकर ‘लेक ऑफ अमेरिका’ रखे जाने के बाद उनके दिमाग में अटलांटिक या प्रशांत महासागर के भी नाम बदलने के बारे में विचार आया था। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने गूगल के भारतीय-अमेरिकी CEO सुंदर पिचाई के साथ अटलांटिक महासागर का नाम बदलने के विचार पर चर्चा की थी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने एक प्रतिभाशाली व्यक्ति सुंदर से बात की। वह पूरी गूगल कंपनी का नेतृत्व करते हैं। गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन और सुंदर, दोनों ही बेहद प्रतिभाशाली व्यक्ति हैं।’’ रैली में बोलते हुए ट्रंप ने मेक्सिको खाड़ी का नाम बदलकर गल्फ ऑफ अमेरिका रखने के फैसले का जिक्र किया और कहा, आप जानते हैं, वे अभी भी उस गल्फ को लेकर परेशान हैं। मैंने कहा, सुंदर, मैं अटलांटिक महासागर के बारे में सोच रहा हूं। क्या तुम इसे कर सकते हो?
सुंदर पिचाई ने ट्रंप को दिया जवाब – ट्रंप ने आगे बताया कि इस पर सुंदर पिचाई ने उनसे कहा, “नहीं, नहीं सर, इस बार में नहीं करूंगा।” ट्रंप के अनुसार, पिचाई ने उनसे कहा कि महासागर अलग होते हैं, क्योंकि वे कई देशों तक फैले होते हैं। गूगल सीईओ ने ट्रंप से इस प्रस्ताव को आगे न बढ़ाने के लिए अनुरोध किया। ट्रंप ने कहा, “तो शायद मैं इसे छोड़ दूंगा।”
न्यू मेक्सिको का नाम बदलना चाहते हैं ट्रंप – ट्रंप ने गल्फ ऑफ मेक्सिको का नाम बदलकर गल्फ ऑफ अमेरिका कर दिया था। इसे लेकर मेक्सिको के साथ तनाव भी रहा था। ट्रंप अब अमेरिकी राज्य न्यू मेक्सिको का नाम बदलने की मांग कर रहे हैं। उनका तर्क है कि न्यू मेक्सिको का नाम बदलकर न्यू अमेरिका रखा जाना चाहिए। सोमवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, न्यू मेक्सिको राज्य अमेरिका का हिस्सा है, न कि मेक्सिको का। उन्होंने लिखा, “हम मेक्सिको नहीं हैं, हम संयुक्त राज्य अमेरिका हैं।”
Home / Uncategorized / अटलांटिक महासागर का नाम बदलना चाहते थे ट्रंप, गूगल CEO सुंदर पिचाई की चेतावनी के बाद ड्रॉप कर दिया आइडिया
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website