
रूस के साइबेरिया क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई जबकि 10 अन्य घायल हो गए। रूस के आपात विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रूस के ‘इमरजेंसी मंत्रालय’ की अल्ताई शाखा ने बताया कि दक्षिणी साइबेरिया के अल्ताई गणराज्य में उतरने के दौरान एमआई-8 हेलीकॉप्टर बिजली की तार से टकरा गया और उसमें आग लग गई।
मंत्रालय ने हेलिकॉप्टर के मलबे की एक तस्वीर भी जारी की है। मंत्रालय की शाखा ने अपने शुरुआती बयान में बताया था कि हेलीकॉप्टर में 13 लोग सवार थे, जिसमें से छह लोगों की मौत हो गई और सात लोग घायल हुए हैं।
अधिकारियों ने बाद में संख्या को संशोधित करते हुए बताया कि विमान में कुल 16 लोग सवार थे, जिसमें से चार लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय द्वारा जारी एक हालिया बयान में बताया गया कि यह पता चला है कि जिन दो लोगों को मृत मान लिया गया था, वे खुद ही दुर्घटनास्थल से निकटतम अस्पताल चले गए थे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website