Friday , October 23 2026 8:17 PM
Home / Uncategorized / तिब्बत में 7 तीव्रता के जोरदार भूकंप ने मचाई तबाही, 16 की मौत और 54 लोग घायल, बचाव और राहत कार्य जारी

तिब्बत में 7 तीव्रता के जोरदार भूकंप ने मचाई तबाही, 16 की मौत और 54 लोग घायल, बचाव और राहत कार्य जारी


तिब्बत क्षेत्र में गुरुवार शाम को आए जबरदस्त भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। इस घटना में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है और 54 लोग घायल हुए हैं। तिब्बत के उत्तरी क्षेत्र के शहर नागकू में सैकड़ों घर ढह गए। चीन के सरकारी मीडिया ने बताया कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7 थी। भूकंप गुरुवार रात लगभग 14:33 बजे आया। इसका केंद्र उत्तरी तिब्बत के नागकू में स्थित एक कम आबादी वाला और अधिक ऊंचाई वाला इलाका था। इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर था। इस बीच तिब्बत में शुक्रवार सुबह 5 बजकर 54 मिनट पर एक और भूकंप आया है, जिसकी तीव्रता 4.4 रही।
नागकू में भूकंप से 339 घर ढहे – नागकू के सिटी मीडिया ऑफिस ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि कम से कम 339 घर ढह गए। बचाव और राहत कार्यों के लिए स्थानीय काउंटी से 1600 से अधिक लोगों को तैनात किया गया है। क्षेत्र में राहत सामग्री पहुंचाई गई है, जिसमें 1000 प्रीफैब्रिकेटेड घर, 3000 टेंट और फोल्डिंग बेड के साथ ही फ्लैशलाइट और सर्दियों के कपड़े शामिल हैं।
संचार और ट्रेनों के संचालन पर असर – चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने शुक्रवार को बताया कि इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में संचार व्यवस्था ठप हो गई है। क्षेत्र से गुजरने वाली ट्रेनों को रोकने के लिए अधिकारियों ने आपातकालीन कदम उठाए हैं। भूकंप के चलते कई जगहों पर चट्टानों के खिसकने की घटनाएं हुई हैं। इसकी वजह से नेशनल हाईवे 317 का एक हिस्सा बंद करना पड़ा। मलबे को हटाने का काम चल रहा है और फिलहाल केवल आपातकालीन, बचाव और आधिकारिक सहायता वाहनों को ही वहां से गुजरने की अनुमति दी जा रही है।
5 साल का सबसे बड़ा भूकंप – चीन के सरकारी ब्रॉडकास्टर CCTV के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में इस क्षेत्र में आया सबसे बड़ा भूकंप था।भूकंप प्रभावित क्षेत्र में जहां लोगों के घर ढह गए हैं, वहीं कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शिन्हुआ ने बताया कि अगले तीन दिनों तक भूकंप प्रभावित क्षेत्र में रुक-रुक कर बर्फबारी की संभावना है। नागकू तिब्बत की राजधानी ल्हासा से 300 किमी से अधिक उत्तर में स्थित है।