Saturday , April 25 2026 12:52 AM
Home / Uncategorized / एयर इंडिया ने तेल अवीव के लिए 30 नवंबर तक निलंबित कीं उड़ानें; इजराइल-हमास की जंग की वजह से लिया फैसला

एयर इंडिया ने तेल अवीव के लिए 30 नवंबर तक निलंबित कीं उड़ानें; इजराइल-हमास की जंग की वजह से लिया फैसला


इजराइल और चरमपंथी संगठन हमास के बीच जारी संघर्ष के बीच एयरलाइन एयर इंडिया ने भारत से तेल अवीव के लिए अपनी निर्धारित उड़ानें 30 नवंबर तक निलंबित कर दी हैं। कंपनी ने सात अक्टूबर से इजराइल के तेल अवीव जाने वाली या वहां से आने वालीं उड़ानें संचालित नहीं की हैं।
कंपनी के एक प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि तेल अवीव के लिए उड़ानें 30 नवंबर तक निलंबित कर दी गई हैं। एयर इंडिया सामान्य तौर पर दिल्ली से तेल अवीव के लिए सप्ताह में पांच उड़ानें संचालित करती है। यें उड़ानें सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार और रविवार को हैं। एयरलाइन ने पिछले महीने इजराइल-हमास के बीच बढ़ते संघर्ष के मद्देनजर वहां से भारतीयों को वापस लाने के लिए सरकार के ‘ऑपरेशन अजय’ के तहत दिल्ली से तेल अवीव के बीच कुछ उड़ानें संचालित की थीं।
इजराइल का शरणार्थी शिविर पर हमला, 40 की मौत – गाजा पट्टी में स्थित शरणार्थी शिविर पर इजराइली सेना के हमले में 40 लोग मारे गए हैं। यह हमला शनिवार-रविवार की रात उस समय हुआ जब शिविर में ज्यादातर शरणार्थी सो रहे थे। एक अन्य हमले में गाजा में एक ही परिवार 21 लोग मारे गए। मारे गए लोगों में कई महिलाएं और बच्चे हैं। संवेदनशील स्थानों पर हो रहे इजराइली सेना के हमलों से आकुल अरब देशों ने एक बार फिर गाजा में युद्धविराम की मांग की है। लेकिन, इजराइल व अमेरिका ने इस मांग को खारिज कर दिया है।
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन पहुंचे वेस्ट बैंक – इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन अचानक वेस्ट बैंक पहुंचे हैं और वहां उन्होंने फलस्तीनी प्राधिकार के राष्ट्रपति महमूद अब्बास से युद्ध के बाद गाजा में केंद्रीय भूमिका निभाने के लिए तैयार रहने को कहा है। गाजा में जारी इजराइली हमलों में मृतकों की संख्या बढ़ने के विरोध में दुनिया के तमाम देशों में रविवार को भी इजराइल के खिलाफ प्रदर्शन हुए हैं। इस बीच इजरायल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गाजा पर परमाणु हमले का विकल्प खुला होने का बयान देने वाले अपने एक मंत्री को मंत्रिमंडल से निलंबित कर दिया है।