Saturday , October 3 2026 12:31 AM
Home / Uncategorized / पाकिस्तान लौटते ही नवाज ने किया अपना गुणगान, कहा-क्लिंटन की बड़ी पेशकश ठुकराकर किया था परमाणु परीक्षण

पाकिस्तान लौटते ही नवाज ने किया अपना गुणगान, कहा-क्लिंटन की बड़ी पेशकश ठुकराकर किया था परमाणु परीक्षण


पाकिस्तान लौटने के कुछ घंटों बाद, पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ नेअपना गुणगान करते हुए अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र किया और याद किया कि कैसे उन्होंने अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पांच अरब अमेरिकी डॉलर की पेशकश के बावजूद 1998 में परमाणु परीक्षण कर भारत के परमाणु परीक्षण का ‘‘करारा जवाब” दिया था। शरीफ अपनी पार्टी का नेतृत्व करने और जनवरी में संभावित आम चुनाव में रिकॉर्ड चौथी बार सत्ता में आने के प्रयास के तहत ब्रिटेन में चार साल के स्व-निर्वासन के बाद शनिवार को विशेष विमान से दुबई से स्वदेश लौट आए।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के प्रमुख शरीफ (73) दुबई से विशेष विमान ‘उम्मीद-ए-पाकिस्तान’ से स्थानीय समयानुसार अपराह्न डेढ़ बजे इस्लामाबाद पहुंचे। इसके बाद, वह एक विशाल रैली को संबोधित करने के लिए अपनी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) का गढ़ माने जाने वाले लाहौर पहुंचे। शरीफ ने उत्साहित भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आज कई साल बाद आपसे मिल रहा हूं, पर आपसे मेरा प्यार का रिश्ता वैसा ही है। इस रिश्ते में कोई अंतर नहीं आया है। मैं आपकी नजरों में जो प्यार देख रहा हूं, मुझे उस पर गर्व है।”