Tuesday , July 21 2026 7:01 PM
Home / Uncategorized / बांग्लादेशी पासपोर्ट पर से फिर लगी इजरायल जाने पर पाबंदी, तारिक रहमान का बड़ा फैसला, मंदिर, मस्जिद का फोटो लगाया

बांग्लादेशी पासपोर्ट पर से फिर लगी इजरायल जाने पर पाबंदी, तारिक रहमान का बड़ा फैसला, मंदिर, मस्जिद का फोटो लगाया


बांग्लादेश ने एक बड़ा डिप्लोमेटिक फैसला करते हुए अपने पासपोर्ट से इजरायल जाने पर फिर से पाबंदी लगा दी है। बांग्लादेशी पासपोर्ट में ‘Except Israel’ यानि ‘इजरायल को छोड़कर’ वाला वाक्य फिर से जोड़ दिया गया है। बांग्लादेशी गृह मंत्रालय ने इस बाबत आधिकारिक आदेश जारी किया है। करीब 6 साल पहले बांग्लादेश ने अपने पासपोर्ट से ‘इजरायल को छोड़कर’ वाला वाक्य हटा लिया था जिसे अब फिर से जोड़ दिया गया है।
बांग्लादेशी गृह मंत्रालय ने आव्रजन और पासपोर्ट विभाग को इस बदलाव को लागू करने के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश भी दिया है। गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया है कि अब जारी होने वाले सभी नए पासपोर्ट पर ‘Except Israel’ लिखा होगा। इसके अलावा पासपोर्ट में सभी धर्मों को सम्मान देने के लिए मंदिर और मस्जिद की तस्वीरें भी जोड़ी गई हैं।
बांग्लादेशी पासपोर्ट से इजरायल की यात्रा नहीं – बांग्लादेशी गृह मंत्रालय के अधिकारियो ने कहा कि यह फैसला पासपोर्ट को बांग्लादेश की विदेश नीति, जनता की भावनाओं और फिलीस्तीन के मुद्दे पर देश के लंबे समय से चले आ रहे रुख के अनुरूप बनाने के लिए लिया गया है। सरकारी आदेश के मुताबिक ई-पासपोर्ट बुकलेट में मौजूद तस्वीरों को फिर से व्यवस्थित किया गया है और डिजाइन में बदलाव, विस्तार और अपडेट किया गया है। साथ ही वॉटरमार्क को भी उसी के अनुसार फिर से डिजाइन किया गया है। आदेश की समीक्षा से पता चलता है कि ई-पासपोर्ट के वॉटरमार्क में कई बदलाव किए गए हैं।
नए वॉटरमार्क में जुलाई 2024 में बांग्लादेश में जो आंदोलन हुआ था उसमें शामिल कुछ आंदोलनकारियों की तस्वीरें जोड़ी गई हैं। इनमें रंगपुर की बेगम रोकेया यूनिवर्सिटी के छात्र अबू सईद, मीर महफ़ूज़ुर रहमान मुग्धो और वसीम अकरम की तस्वीरें हैं। इसके अलावा ई-पासपोर्ट में सभी प्रमुख धर्मों का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतीकों को भी शामिल किया गया है।
गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि बांग्लादेश ने अवामी लीग सरकार के कार्यकाल में 2020 में लगभग 45 अरब टका की लागत से अपनी इलेक्ट्रॉनिक पासपोर्ट सेवा शुरू की थी। उसी समय ‘इजरायल को छोड़कर’ वाक्यांश को हटा दिया गया था। पहले बांग्लादेशी पासपोर्ट पर यह लिखा होता था कि पासपोर्ट इजरायल को छोड़कर दुनिया के सभी देशों की यात्रा के लिए मान्य है। इसे हटाए जाने के बाद बांग्लादेश के कट्टरपंथी समूहों ने इसे फिर से शामिल करने की मांग की थी।
पासपोर्ट में मंदिर, मस्जिद, चर्च की भी तस्वीर – रिपोर्ट के मुताबिक तारिक रहमान ने ये फैसला फिलीस्तीन के समर्थन में कट्टरपंथियों को खुश करने के लिए ये फैसला लिया है। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया था कि ई-पासपोर्ट में कई नई तस्वीरें जोड़ी जाएं। नये आधिकारिक आदेश के माध्यम से उन तस्वीरों को वॉटरमार्क डिजाइन में शामिल कर लिया गया है।
नए जारी किए गए ई-पासपोर्ट के वॉटरमार्क में राष्ट्रीय फूल वॉटर लिली, रॉयल बंगाल टाइगर, बांग्लादेश का सुप्रीम कोर्ट, दिनाजपुर में कांतनगर मंदिर, बंदरबन का गोल्डन टेम्पल, बैतुल मुकर्रम राष्ट्रीय मस्जिद, राजशाही में आम के बाग, साठ गुंबद वाली मस्जिद, चाय के बागान, सुंदरबन, होली रोजरी चर्च समेत दर्जन भर से ज्यादा अलग अलग तस्वीरों को शामिल किया गया है।