Saturday , August 1 2026 2:32 AM
Home / Uncategorized / चीनी अर्थव्यवस्था पर बाइडेन का खतरनाक बयान, “टाइम बम बन चुका चीन” !

चीनी अर्थव्यवस्था पर बाइडेन का खतरनाक बयान, “टाइम बम बन चुका चीन” !


अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने चीन की गिरती अर्थव्यवस्था को लेकर खतरनाक बयान देकर पूरी दुनिया को टेंशन में डाल दिया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार बाइडेन ने बीजिंग की उच्च बेरोजगारी और उम्रदराज कार्यबल को लेकर आगाह करते हुए कहा कि ‘चीन की आर्थिक परेशानियां वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए ‘टिकिंग टाइम बम’ की तरह हो गई हैं। यह स्थिति दूसरे देशों के लिए संभावित खतरा है।’ बाइडेन ने पार्क सिटी, यूटा में फंड-रेजर में दानदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब बुरे लोगों को समस्या होती है, तब वे बुरा काम करते हैं। उन्होंने कहा, ‘एक समय चीन को प्रेरित करने वाला प्रतीत होता इंजन अब लड़खड़ा रहा है, जो पूरे चीनी परिवारों और अर्थव्यवस्थाओं के लिए खतरनाक जोखिम पैदा करेगा।’
रिपोर्ट के अनुसार, चीन एक वक्त ग्लोबलाइजेशन के लाभ वाले वर्जन के तौर पर देखा जाता था। मगर, अब यह दुनिया की अर्थव्यवस्था के लिए असाधारण अनिश्चितता के दौर में आखिरी वाइल्ड कार्ड के तौर पर विकसित हो चुका है। यह स्थिति दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाओं के लिए चिंताजनक है गौरतलब है कि चीन का निर्यात जुलाई में सालाना आधार पर 14.5 प्रतिशत गिर गया। इसके साथ ही सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी पर आर्थिक मंदी को दूर करने का दबाव बढ़ गया है। सीमा शुल्क विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई में निर्यात 14.5 प्रतिशत घटकर 281.8 अरब डॉलर रह गया। इससे पहले जून में निर्यात 12.4 प्रतिशत घटा था। कमजोर घरेलू मांग के चलते आयात सालाना आधार पर 12.4 प्रतिशत गिरकर 201.2 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया। इससे पिछले महीने यह 6.8 प्रतिशत घटा था।