Thursday , June 18 2026 7:36 PM
Home / Uncategorized / थलपति विजय से कांग्रेस ने कर दी एक और डिमांड, अब राज्यसभा सीट पर नजर, क्या मानेंगे तमिलनाडु के सीएम

थलपति विजय से कांग्रेस ने कर दी एक और डिमांड, अब राज्यसभा सीट पर नजर, क्या मानेंगे तमिलनाडु के सीएम


तमिलनाडु में थलपति विजय की सरकार बनाने में अहम योगदान देने वाली कांग्रेस ने अब उनसे नई डिमांड कर दी है। कांग्रेस ने सत्ताधारी TVK नेतृत्व के सामने राज्यसभा सीट की अपनी दावेदारी पेश की है। यह सीट जून के मध्य में होने वाले उपचुनाव के जरिए भरी जानी है। इसे लेकर अब गठबंधन राजनीति के भीतर नई खींचतान दिखाई देने लगी है।
कांग्रेस की है ये मांग – सूत्रों के अनुसार, AICC के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कुछ दिन पहले TVK नेतृत्व से मुलाकात कर कांग्रेस की इच्छा स्पष्ट की। कांग्रेस चाहती है कि इस सीट पर उसके उम्मीदवार को समर्थन दिया जाए। पार्टी का मानना है कि गठबंधन सरकार को समर्थन देने और विधानसभा में बहुमत दिलाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसलिए राज्यसभा प्रतिनिधित्व पर उसका दावा स्वाभाविक है। बता दें कि पिछले हफ्ते ही विजय ने कांग्रेस के दो विधायकों को अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया था।
ये नाम सबसे ऊपर – सूत्रों का कहना है कि AICC के टेक्नोलॉजी और डेटा सेल के चेयरमैन प्रवीण चक्रवर्ती कांग्रेस की संभावित सूची में सबसे आगे हैं।
पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि विजय इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाएंगे।
वहीं तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वपेरुंथगई का नाम भी दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है। सेल्वपेरिंथगई कांग्रेस का दलित चेहरा है।
चक्रवर्ती और कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर उन नेताओं में रहे हैं जिन्होंने शुरुआत से ही TVK और कांग्रेस के बीच गठबंधन की वकालत की थी।
कांग्रेस ने विजय की पार्टी को दिया था समर्थन – यह सीट AIADMK के एक सांसद के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद खाली हुई थी और अब बचे हुए दो वर्षों के कार्यकाल के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। ऐसे में यह चुनाव सिर्फ एक संसदीय सीट नहीं, बल्कि तमिलनाडु की नई सत्ता की दिशा तय करने वाला राजनीतिक संकेत भी माना जा रहा है। बता दें कि टीवीके ने तमिलनाडु चुनाव में जबरदस्त जीत हासिल की थी। लेकिन फिर भी वो बहुमत से कुछ सीटें पीछे रह गई। कांग्रेस और कुछ अन्य राजनीतिक दलो ने उस कमी को पूरा करने के लिए विजय का समर्थन किया।