Saturday , August 1 2026 1:44 AM
Home / Uncategorized / मोदी सरकार को लेकर जैक डोर्सी के आरोपों पर एलन मस्क ने दिया जवाब, कहा- ‘ज्यादा विकल्प नहीं’

मोदी सरकार को लेकर जैक डोर्सी के आरोपों पर एलन मस्क ने दिया जवाब, कहा- ‘ज्यादा विकल्प नहीं’


ट्विटर के को-फाउंडर जैक डोर्सी ने भारत सरकार पर कई सनसनीखेज आरोप लगाए थे. जिनमें कहा गया था कि किसान आंदोलन के दौरान ट्विटर से कई पत्रकारों के हैंडल ब्लॉक करने को कहा गया था और ऐसा नहीं करने पर सरकार की तरफ से ट्विटर को बैन करने की धमकी दी गई थी. अब ट्विटर के नए मालिक और टेस्ला कंपनी के सीईओ एलन मस्क ने इस बात का जवाब दिया है. अमेरिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद एलन मस्क से डोर्सी के आरोपों पर सवाल किया गया, जिसके जवाब में मस्क ने कहा कि ट्विटर के पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं, उसे सरकार और कानूनों का पालन करना होता है.
ट्विटर के पास नहीं ज्यादा विकल्प- मस्क -प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन की अमेरिकी यात्रा पर हैं, जहां उन्होंने टेस्ला के सीईओ और ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क से मुलाकात की. दोनों के बीच हुई इस मुलाकात के बाद एलन मस्क मीडिया के सामने आए और उन्होंने खुद को मोदी का फैन बताया. इसी दौरान जब एक पत्रकार ने उनसे जैक डोर्सी के भारत सरकार पर लगाए आरोपों को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा, “ट्विटर के पास स्थानीय सरकारों की बात मानने के अलावा कोई विकल्प नहीं है. अगर हम स्थानीय सरकारों के कानूनों का पालन नहीं करते हैं तो हमें बंद कर दिया जाएगा, हम यही कर सकते हैं कि देश के कानूनों का पालन करें, इससे ज्यादा करना हमारे लिए असंभव है.”
एलन मस्क ने इस बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि सरकारों के अलग-अलग तरह के अपने नियम और कानून हैं, इन कानूनों के तहत रहते हुए हम फ्री स्पीच को बढ़ावा देने की पूरी कोशिश कर सकते हैं.
क्या थे जैक डोर्सी के आरोप – ट्विटर के को-फाउंडर जैक डोर्सी ने एक चैनल को इंटरव्यू देते हुए भारत सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे. जब डोर्सी से पूछा गया कि ट्विटर में रहते हुए क्या किसी सरकार की तरफ से उन पर दबाव डाला गया? तो इसके जवाब में उन्होंने भारत और तुर्किए का नाम लिया. डोर्सी ने कहा कि भारत की तरफ से अधिकारियों के घरों पर एजेंसियों की छापेमारी और ट्विटर को बंद करने की धमकी मिली थी. किसान आंदोलन के दौरान भारत सरकार की तरफ से कुछ ट्विटर अकाउंट्स को बंद करने को कहा गया था, ऐसा नहीं करने पर परिणाम भुगतने की धमकी मिली थी.