Thursday , August 20 2026 4:52 AM
Home / Uncategorized / ‘भारत-बांग्लादेश का आसमान और हवा एक’, बांग्लादेशी जमीन से भारतीय उच्चायुक्त ने दिया संदेश, पुश-इन पर भी बोले

‘भारत-बांग्लादेश का आसमान और हवा एक’, बांग्लादेशी जमीन से भारतीय उच्चायुक्त ने दिया संदेश, पुश-इन पर भी बोले

बांग्लादेश की धरती पर कदम रखने के बाद ढाका में भारत के नए उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने दोनों देशों के बीच रिश्ते को मजबूत करने के लिए सहयोग पर जोर दिया। बांग्लादेशी मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में ऐसे कदम उठाए जाएंगे जिनसे दोनों देशों के लोगों को फायदा हो। त्रिवेदी शुक्रवार को ढाका में भारतीय मिशन का चार्ज लेने के लिए सड़क मार्ग से बांग्लादेश पहुंचे। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे बेनापोल-पेट्रापोल बॉर्डर पर पैदल सीमा पार की।
भारत और बांग्लादेश का एक आसमान, एक हवा – इस दौरान त्रिवेदी ने बांग्लादेशी पत्रकारों से बात की और कहा कि दोनों देश मिलकर तकनीकी इनोवेशन के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय उच्चायुक्त ने कथित रूप से सीमा पार जबरन भेजने को लेकर तनाव और यात्रा व व्यापार लगी पाबंदियों को हटाने पर भी बात की। उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश के लोग एक ही आसमान और हवा साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे कदम उठाए जाएंगे जो दोनों देशों के लिए फायदेमंद हों।
भारत और बांग्लादेश एक ही आसमान, हवा और दुख-दर्द साझा करते हैं। मुझे ऐसा बिल्कुल नहीं लगता कि मैं बांग्लादेश आया हूं। भारत के 1.4 अरब और बांग्लादेश के 20 करोड़ लोगों, यानी कुल 1.6 अरब लोगों, के लिए जो भी अच्छा होगा, वही किया जाएगा। दिनेश त्रिवेदी, ढाका में भारतीय उच्चायुक्त
ढाका में त्रिवेदी की नियुक्ति बेहद खास – भारत ने इसी साल अप्रैल में दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश में अपना 18वां उच्चायुक्त (हाई कमिश्नर) नियुक्त किया था। भारत में सत्ताधारी बीजेपी के वरिष्ठ नेता त्रिवेदी की इस नियुक्त को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे भारत के पूर्व रेलमंत्री भी रहे हैं। आमतौर पर भारतीय विदेश मंत्रालय हाई कमिश्नर के पद पर भारतीय विदेश सेवा के अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति करता है। इस लिहाज से त्रिवेदी की नियुक्ति हटकर है।
पहली बार कोई राजनेता बना उच्यायुक्त – भारत और बांग्लादेश के राजनयिक संबंधों के 55 साल के इतिहास में पहली बार है, जब नई दिल्ली ने किसी राजनेता को हाई कमिश्नर बनाकर बांग्लादेश भेजा है। प्रधानमंत्री के साथ करीबी संबंध रखने वाले त्रिवेदी बंगाली भाषा और संस्कृति की गहरी समझ रखते हैं। उनकी नियुक्ति के पीछे इसे बड़ी वजह बताया जा रहा है।